बर्फ़बारी और शीतलहर से प्रदेश में और बढ़ेगी ठंड

उत्तर भारत के ज्यादातर भागों में शीतलहर जारी है। राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। ज़्यादातर इलाकों में कोहरा छाने से विजिबिलिटी भी कम होने लगी है।

बर्फ़बारी और शीतलहर से प्रदेश में और बढ़ेगी ठंड

ठंड के साथ राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने से शुक्रवार को यहाँ एक्यूआई 401-450 तक पहुंच गया।

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में छोटे बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लास चलाने का आदेश दिया गया है। दिल्ली में ग्रेप का तीसरा चरण लागू कर दिया गया है।

पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी से उत्तर भारत में पारा गिरने के बाद ठंड में इजाफा हुआ है। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में शीतलहर के चलते कई स्कूलों का समय बदला गया है।

पर्यावरण मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेप-3 के तहत सभी खनन और संबंधित गतिविधियों पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया है। समूचे एनसीआर में स्टोन क्रशर का संचालन बंद किये जाने के साथ ही दिल्ली के समीप ईंट-भट्ठे भी बंद किए जाएंगे।

दिल्ली और आस पास के ज़िलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल एलएमवी वाले चार पहिया वाहनों पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है।

यूपी में कई दिनों में इज़ाफ़े के साथ धुंध बढ़ी हुई है। कोहरे और स्मॉग के चलते सूरज देर से दर्शन दे रहा है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में किसी बदलाव के आसार नहीं है। सुबह और रात में कई इलाकों में शीतलहर चलने से ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाये रहने के साथ कई इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान है।

पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने की भी मौसम विभाग ने सूचना दी है। विभाग के मुताबिक़ बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ से मैदान तक शीत लहर और ठंड बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *