यूपी में ठंड ने पसारे पैर, खिली धूप के बावजूद बेअसर दिखे सूर्य देवता

उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ने से मौसम अपने चरम की तरफ बढ़ता महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की जानकारी दी है। 

यूपी में ठंड ने पसारे पैर, खिली धूप के बावजूद बेअसर दिखे सूर्य देवता

लखनऊ मौसम केंद्र का कहना है कि गुरुवार से लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान गिरेगा और कई जगहों पर घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है।

राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया लेकिन दिन भर खिली धूप ने सर्दी के असर को उतना हावी नहीं होने दिया। हालाँकि रात को माहौल में सन्नाटे ने ठंड बढ़ने के संकेत दिए।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक़ एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय में सक्रिय होने की बात भी कही गई है। अनुमान है कि इस बढ़ती सर्दी के साथ बादलों की आमद और बारिश के भी आसार बन सकते हैं।

विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस, जबकि रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी लखनऊ में बर्फीली हवाओं ने लोगों और बच्चों को घरों में समेट दिया है। हाइवे सहित कई जगहों पर कोहरे के चलते विजिबिलिटी पर असर पड़ा है।

मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में अभी आसमान साफ है मगर आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। विभाग का कहना है कि आज के अलावा 22 जनवरी से 26 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा और इस दौरान बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *