पहाड़ों की ठंड ने उत्तर भारत का तापमान गिराया

दिसंबर का मध्य आने से पहले उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग द्वारा 15 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड के साथ शीतलहर चलने की जानकारी दी गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी और शीतलहर से मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।पहाड़ों की ठंड ने उत्तर भारत का तापमान गिरायायूपी में ठंड में बढ़ोत्तरी के साथ बीते दो तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। मौसम विशेषज्ञों ने यूपी के 8 जिलों में शीतलहर चलने का जबकि 10 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक़ गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की उम्मीद है।

धूप का असर कम है मगर हवाओं ने कोहरा हटाने में मदद की है। यहाँ 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा में ठिठुरन है। सुबह व शाम के समय ज्यादातर इलाकों में कोहरा रहेगा। इन सबके बीच प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।

विभाग के मुताबिक़, आने वाले 48 घंटे में कोहरे तथा शीतलहर में इजाफा होने की उम्मीद है। पूर्वी तथा पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहने की भी जानकारी मिली है। इनमे महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई एवं आसपास के इलाकों शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश के ज़्यादातर इलाक़ों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। कश्मीर घाटी पहले से ही इन हालात का सामना कर रही थी। ताज़ा बर्फबारी ने इसमें इज़ाफ़ा किया है और विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन पहाड़ी मौसम की ठंड का असर उत्तर भारत सहित बाक़ी देश में भी देखने को मिलेगा।

जहाँ लेह और लद्दाख में ज़बरदस्त ठंड है वहीँ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी भारी गिरावट के साथ पारा कई जगह 2 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मंडी में देर रात बर्फ पर फिसलकर एक कार के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।

हालाँकि कश्मीर में रात के तापमान में कुछ सुधार के बावजूद अधिकांश जिलों में दिन के साथ रात का पारा सामान्य से 2 से 6 डिग्री नीचे चल रहा है। राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान 8.8, पहलगाम में 4.2 और गुलमर्ग में माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बदले मौसम के बीच आज सुबह कोलकाता में कोहरे के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें तीन घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान थी। राज्यपाल सीवी आनंद बोस की फरक्का यात्रा भी घने कोहरे के कारण रद्द करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *