निष्कासित बीजेपी नेता दयाशंकर सिंह के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी

लखनऊ। बीएसपी प्रमुख मायावती के बारे में अपशब्द कहने वाले बीजेपी के निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी कर दिया है। लखनऊ की सीजेएम कोर्ट ने पूर्व बीजेपी नेता के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया है।

Dayashankar Singh

मायावती के बारे में अपशब्द कहने के बाद भारी विरोध को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें पार्टी के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पद से हटाने के साथ छह साल के लिए निष्कासित भी कर दिया। दयाशंकर सिंह फिलहाल फरार चल रहे हैं और उत्तर प्रदेश पुलिस उनकी तलाश में है। लखनऊ की एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा था कि दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार उनके सभी ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, विडियो के जरिए उन्होंने बीएसपी सुप्रीमो से माफी तो मांगी, लेकिन कहा कि वह पार्टी टिकट के लिए पैसे लेती हैं।
बीएसपी कार्यकर्ताओं और पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन द्वारा उनकी बेटी के बारे में अपशब्द कहे जाने के बाद सिंह की पत्नी स्वाति सिंह ने मोर्चा संभाल लिया। बीजेपी ने इसके विरोध में बेटी के लिए सम्मान नाम से प्रदर्शन भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने दयाशंकर सिंह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। बीएसपी नेता और कार्यकर्ताओं पर दयाशंकर सिंह के परिवार के बारे में अभद्र टिप्पणी करने की शिकायत उनकी मां तेतरा देवी ने भी की। उन्होंने इससे संबंधित केस भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *