केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सीबीएफसी ने हॉलीवुड फिल्म ‘द ओडिसी’ को ‘ए’ सर्टिफिकेट देने के साथ इसे बिना किसी कट के पास कर दिया है। फिल्म निर्माता क्रिस्टोफर नोलन की यह फिल्म आगामी 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो फिल्म के किसी भी संवाद या दृश्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ‘ए’ सर्टिफिकेट वाली यह फिल्म केवल 18 साल और उससे अधिक आयु के दर्शक ही देख सकेंगे।
फिल्म के मेकर्स को 9 जुलाई को सेंसर सर्टिफिकेट प्रदान किया गया था। इस फिल्म का रनटाइम 172.33 मिनट यानी 2 घंटे 52 मिनट और 33 सेकंड है।
भारत में इस फिल्म का प्रीमियर 10 और 11 जुलाई को दो दिनों तक चला। फिल्म की रिलीज से पहले, नोलन, अभिनेता टॉम हॉलैंड और मैट डेमन के साथ 10 जुलाई को मुंबई पहुंचे। भारत में यह नोलन की पहली आधिकारिक फिल्म का प्रीमियर है।
भारत में यह फिल्म निर्देशक की आधिकारिक प्रीमियर पाने वाली पहली फिल्म बन गई. यूनिवर्सल पिक्चर्स इंटरनेशनल ने लंदन, पेरिस और न्यूयॉर्क के साथ मुंबई को भी अपने ग्लोबल प्रीमियर दौरे के आधिकारिक पड़ावों में शामिल किया है।
नोलन की पिछली फिल्म, ओपेनहाइमर थी। यह फिल्म 2023 में रिलीज हुई थी और भारत में इसे U/A सर्टिफिकेट और एक ऑडियो कट के साथ रिलीज किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह भारत में नोलन की तीसरी आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले वह आखिरी बार 2019 में फिल्म ‘टेनेट’ की शूटिंग के दौरान भारत आए थे और उस वक़्त उनके साथ अभिनेता जॉन डेविड वाशिंगटन और रॉबर्ट पैटिनसन भी थे, जो ‘द ओडिसी’ में भी भूमिका निभा रहे हैं। जबकि इससे पहले, नोलन 2011 में जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में ‘द डार्क नाइट राइज’ के कुछ हिस्सों की शूटिंग के दौरान भारत की यात्रा कर चुके हैं।