200 करोड़ के बांड के साथ मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ नगर निगम को बीएसई में किया सूचीबद्ध

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ नगर निगम का खाता खोला है। इसके लिए उन्होंने 200 करोड़ रुपये मूल्य के म्युनिसिपल बॉण्ड की लिस्टिंग का शुभारम्भ मुबंई स्थित बांबे स्टाक एक्सचेंज में में किया।

श्री योगी ने मुबंई के दो दिवसीय दौरे के दौरान सुबह सवा नौ बजे एक्सचेंज के सभागार में म्युनिसिपल बॉण्ड की लिस्टिंग बेल बजाकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही लखनऊ नगर निगम उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि समूचे उत्तर भारत का ऐसा पहला निकाय बन गया है जिसने म्यूनिसिपल बांड जारी किया है। प्रदेश की इस उपलब्धि पर श्री योगी ने बताया – “ यह उत्तर प्रदेश में नगरीय निकायों के लिए नए युग की शुरूआत है। बांबे स्टॉक एक्सचेंज में म्युनिसिपल बॉण्ड के सूचीबद्ध हो जाने से जनता को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए पैसे की कोई कमी नहीं रहेगी।”

बीएसई में निवेश के इस मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल भी उपस्थित थे। श्री योगी ने कहा कि लखनऊ नगर निगम 200 करोड़ रुपये की बॉण्ड की लिस्टिंग के साथ ‘ आत्मनिर्भर’ लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इस बॉण्ड के माध्यम से जुटाई गई धनराशि को लखनऊ में विभिन्न बुनियादी ढांचागत योजनाओं में निवेश किया जाएगा। लखनऊ नगर निगम के बॉण्ड पर निवेशकों को 8.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलेगा और इसकी परिपक्वता अवधि 10 वर्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *