केंद्र ने ओमीक्रॉन के हवाले से राज्यों को अलर्ट किया

नई दिल्ली: कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रोन के हवाले से केन्द्र सरकार ने कहा है कि ये पहले के डेल्टा के मुकाबले तीन गुना अधिक संक्रामक है और इसे देखते हुए सभी राज्यों को अपनी तरफ से सतर्कता बरतते हुए पूरी तैयारी रखनी चाहिए।

केंद्र ने ओमीक्रॉन के हवाले से राज्यों को अलर्ट किया

केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर कहा है कि वे कोरोना के इस नए वेरिएंट को लेकर सावधानी बरतें और किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें। इसमें कहा गया है कि भले ही कम मामले दर्ज किए जाएं लेकिन इन पर पूरी नजर रखनी है और स्थानीय स्तर तथा जिला स्तर पर सक्रिय कदम उठाएं जाएं।

सचिव राजेश भूषण ने कहा कि मौजूदा वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर कहा जा सकता है कि यह डेल्टा के मुकाबले तीन गुना अधिक संक्रामक है। इसके अलावा डेल्टा वेरिएंट अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है और वह देश के विभिन्न हिससों में मौजूद हैं। इसे देखते हुए अधिक दूरदर्शिता, आंकड़ों के त्वरित और सटीक विश्लेषण, मौके की नजाकत को समझते हुए निर्णय लेने की क्षमता, कड़े एंव त्वरित कंटेनमेंट जोन बनाए जाने का कार्य स्थानीय और जिला स्तर पर जरूरी है।

केन्द्र सरकार ने राज्यों से यह भी कहा है कि वे कोविड प्रभावित आबादी के उभरते मामलों, इसके भौगोलिक प्रसार, अस्पतालों के बुनियादी ढांचों और उपलब्ध कार्यबल के बेहतर इस्तेमाल, कंटेनमेंट जोन को अधिसूचित करने और जिला स्तर पर कंटेनमेंट जोन के आकार तथा इन्हें कड़ाई से लागू करने की दिशा में अभी से योजना बना लें।

केन्द्र ने राज्यों को सलाह दी है कि उन्हें अस्पतालों में बिस्तरों पर मरीजों की संख्या कुल संख्या का 40 प्रतिशत है या अधिक है और कितने लोगों को ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता है या आईसीयू बिस्तरों पर हैं।

इसमें राज्यों को कंटेनमेंट प्रकिया, कोरोना जांच, संपर्क सूत्रों का पता लगाने , निगरानी, विकट स्थितियों में स्वास्थ्य प्रणाली का प्रबंधन करने, कोरोना वैक्सीनेशन और कोरोना से बचाव के लिए उपयुक्त व्यवहार मानकों का पालन कराने पर जोर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *