केजरीवाल के खिलाफ दायर आरोपपत्र को आप ने फर्जी बताया

नई दिल्ली। आप ने दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ कथित अभद्रता के मामले में पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ आरोपपत्र दायर करने संबंधी मीडिया में आई खबरों के बारे में कहा है कि दिल्ली पुलिस ने फर्जी आरोपपत्र की खबरें मीडिया में चलवाई हैं।

पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस आशय की मीडिया खबर सूत्रों के हवाले से चलाई गई हैं। भारद्वाज ने इसके पीछे दिल्ली पुलिस की मंशा पर सवाल खड़े करते हुये कहा कि उक्त घटना में फर्जी आरोपों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने आरोपपत्र दायर करने की खबरें मीडिया में लीक की हैं।

उन्होंने कहा कि मैं पूरी जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि इस साल 19 फरवरी की रात मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में हिंसा की कोई वारदात नहीं हुई। दिल्ली पुलिस इस मामले में गत 4 महीने से मीडिया में गलत खबरें दे रही है। भारद्वाज ने कहा कि अदालत में पुलिस इस मामले में जब कभी भी आरोपपत्र दायर करेगी।

आप इसे फर्जी साबित करेगी और इसके पीछे के षड्यंत्र को भी उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि अदालत में हम दिल्ली पुलिस की फर्जी कहानी का सच साबित करेंगे। वहीं, केजरीवाल ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया, प्रधानमंत्री, दिल्ली के निर्वाचित प्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह का फर्जी मामला लोगों का अपमान करने वाला है। उन्होंने कहा कि आप सरकार लोगों की सेवा करना जारी रखेगी। ‘हम अपना दायित्व निभाएंगे, आप अपना काम कीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *