कार विस्फोट में नाबालिग बच्ची समेत 3 की मौत

भटिंडा : पंजाब के बठिंडा में मंगलवार को एक कार में हुए धमाके से एक नाबालिग बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। Car blast

Car blast

यह धमाका एक चुनावी जनसभा के नजदीक खड़ी कार में हुआ।

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से एक प्रेशर कुकर बरामद हुआ है, पुलिस ने इसके आतंकवादी घटना होने से इंकार नहीं किया है।

पंजाब में चार फरवरी को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि मौड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार हरमिंदर सिंह जस्सी की जनसभा के तुरंत बाद रात साढ़े आठ बजे विस्फोट हुआ। जस्सी सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के रिश्तेदार हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक सुरेश अरोड़ा ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच के बाद आतंकवाद की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। लेकिन विशेषज्ञ ही विस्फोट के कारण बता सकते हैं।’

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह चोरी की कार थी और इस पर दोपहिया वाहन का पंजीकरण नंबर था। वाहन का चेसिस नंबर भी हटा दिया गया था।

उन्होंने बताया कि यह गैस से नहीं चल रही थी। पुलिस ने कहा, ‘कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। विस्फोट स्थल के नजदीक एक जला हुआ प्रेशर कुकर भी देखा गया।’ अरोड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ से फोरेंसिक टीम सुबह बठिंडा पहुंचेगी और मामले की जांच करेगी।

बठिंडा के उपायुक्त घनश्याम थोरी ने बताया, ‘‘मारुति कार में हुए विस्फोट में तीन राहगीर मारे गए जिनमें दो वयस्क और एक बच्ची थी। उनकी पहचान अभी तक नहीं हुई है।’

घटना में 15 लोग जख्मी हुए हैं। उपायुक्त ने बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार की रैली खत्म होने के बाद विस्फोट हुआ। पंजाब पुलिस के आईजी (बठिंडा जोन) नीलाभ किशोर ने कहा कि जांच प्रारंभिक चरण में है इसलिए विस्फोट के कारणों के बारे में कुछ कहना कठिन है।

www.naqeebnews.com

# Car blast

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *