अब 10 जून को अंतरिक्ष यात्रा पर जाएंगे कैप्टन शुभांशु शुक्ला

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष में जाने की तिथि में बदलाव की खबर सामने आई है। शुभांशु अब 8 जून की जगह 10 जून को अंतरिक्ष यात्रा पर जाएंगे। अभी इस देरी का कोई कारण सामने नहीं आया है।

अब 10 जून को अंतरिक्ष यात्रा पर जाएंगे कैप्टन शुभांशु शुक्ला

नए शेड्यूल के अनुसार कैप्टन शुक्ला 10 जून को अपनी अंतरिक्ष यात्रा की शुरुआत करेंगे। भारतीय समयानुसार उड़ान का समय शाम 5:52 बजे है।

गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला चार सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय दल एएक्स-4 का हिस्सा हैं। ये ग्रुप अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर दो सप्ताह बिताने वाला है।

बताते चलें कि 39 वर्षीय शुभांशु शुक्ला लखनऊ के निवासी हैं। ग्रुप कैप्टन शुक्ला को 2006 में भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था। उनके पास दो हज़ार घंटों की उड़ान का अनुभव है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के संयुक्त अंतरिक्ष मिशन के लिए कैप्टन शुक्ला का चुनाव पहले ही किया जा चुका है।

इसके अलावा शुक्ल के पास भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 एमकेआई सहित मिग-21एस, मिग-29एस, जगुआर, हॉक्स डोर्नियर्स और एन-32 जैसे लड़ाकू विमान उड़ाने का भी अनुभव है।

मिशन के तहत अंतरिक्ष जाने वाले कैप्टन शुक्ला पिछले 40 वर्षों में ऐसा करने वाले भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री होंगे। कैप्टन शुक्ल से पहले 1984 में राकेश शर्मा सोवियत मिशन के साथ अंतरिक्ष में गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *