केनरा बैंक ने अपने ग्राहकों को अच्छी खबर दी है। बैंक द्वारा ग्राहकों को न्यूनतम बैलेंस से जुड़ी राहत दी गई है।

केनरा बैंक ने घोषणा की है कि न्यूनतम राशि न रखने पर जुर्माने के नियम को हटा दिया है। बैंक के इस कदम के बाद सेविंग्स अकाउंट में न्यूनतम बैलेंस नहीं रखने पर किसी भी प्रकार का कोई चार्ज नहीं लगेगा। यह नया नियम सभी प्रकार के सेविंग्स अकाउंट्स पर लागू होगा।
सभी प्रकार के सेविंग्स अकाउंट पर न्यूनतम बैलेंस की सीमा को समाप्त करने वाला केनरा बैंक पहला बड़ा सरकारी बैंक है। इस नियम के बाद बैंक के ग्राहक बिना किसी जुर्माने के सेविंग अकाउंट में शून्य बैलेंस रख सकते हैं।
विशेषज्ञों को अनुमान है कि इस बदलाव से बैंक के करोड़ों सेविंग अकाउंट होल्डर्स को लाभ मिलेगा और अकाउंट में उपलब्ध पूरी राशि का आसानी से किसी भी लेनदेन के लिए उपयोग किया जा सकेगा।
केनरा बैंक द्वारा साझा पोस्ट में कहा गया है- “एक जून, 2025 से केनरा बैंक न्यूनतम बैलेंस न रखने पर कोई जुर्माना नहीं लगाएगा। यह नियम सभी सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स के लिए है।”
बताते चलें कि अभी तक केनरा बैंक में सेविंग्स अकाउंट में ग्राहकों को न्यूनतम राशि रखना अनिवार्य था। शहरों में यह 2,000 रुपए, अर्ध-शहरी इलाकों में 1,000 रुपए और ग्रामीण इलाकों में 500 रुपए का न्यूनतम बैलेंस निर्धारित था और इसके निर्धारित राशि से कम होने पर जुर्माना देना होता था।
वित्त वर्ष 25 की मार्च तिमाही में केनरा बैंक की आय 31,496 करोड़ रुपए थी। इस दौरान बैंक को 5,111 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। पूरे वित्त वर्ष 25 में बैंक की कुल आय 1.21 लाख करोड़ रुपए थी। इस दौरान बैंक को 17,692 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है।
केनरा बैंक देश के बड़े सरकारी बैंकों में से है। अनुमान है कि केनरा बैंक के इस फैसले से छात्रों, महिलाओं, निम्न आय वर्ग सहित वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिलेगा।
