सुपौल में नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार हुआ कारोबारी

सुपौल 23 दिसंबर : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने बिहार के सुपौल जिले में आज सुबह भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की। यहां से कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसएसबी 45वीं बटालियन के समादेष्टा एच. के. गुप्ता को सूचना मिली थी कि सीमा स्तम्भ संख्या 202 के समीप नेपाल प्रभाग से शराब की खेप भारतीय प्रभाग मे आने वाली है। सूचना के आधार पर सीमा स्तम्भ संख्या 202 के समीप घेराबंदी की गयी।

इस दौरान एक व्यक्ति कुछ बोरियों को साइकिल के पीछे बांधकर भारतीय प्रभाग मे प्रवेश करने का प्रयास करता दिखा। जैसे ही वह भारतीय प्रभाग मे आया बल के जवानों ने उसे पकड़ लिया।

श्री गुप्ता ने बताया कि बोरियों को जब खोला गया तब उसमें 150 बोतल नेपाली शराब मिली। गिरफ्तार कारोबारी की पहचान जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के मुशहरी टोला के वार्ड संख्या पांच निवासी सुनील कुमार मंडल के रूप मे की गई है। जब्त शराब और कारोबारी को उत्पाद विभाग, सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *