मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, तीन की मौत

मथुरा। हाथरस के श्रद्धालुओं से भरी बस शुक्रवार शाम को मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे के नीचे पलट गई। इस भीषण हादसे में एक बच्चे, एक महिला समेत तीन की मौत बताई जा रही है। यह संख्या बढ़ भी सकती है। हालांकि प्रशासन सिर्फ दो की ही पुष्टि कर रहा है। हादसे में 50 लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

bus accident

हाथरस के मेढ़ू के श्रद्धालु मथुरा के मंदिरों के दर्शन को शुक्रवार को आए थे। यह लोग मथुरा के जय मां दुर्गे ट्रेवल्स की बस में सवार थे। श्रद्धालुओं ने दाऊजी के दर्शन किए। इसके बाद यह लोग गिरिराज जी के दर्शन को बस से जा रहे थे। इसी दौरान शाम लगभग सवा चार बजे यमुना एक्सप्रेस वे के खंभा संख्या 123 के अंडर पास से पहले खप्परपुर गांव के निकट पहुंचने पर बस चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा।

इससे बस पलट कर घिसटते हुए 20-25 मीटर तक आगे ओवर ब्रिज के नीचे पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक में टकराते हुए बस वहां पर गन्ने का जूस निकालने वाली मशीन में घुस गई। बस से टकरा कर गन्ने का जूस निकालने वाली मशीन बस के अंदर तक घुस गई। इस हादसे में बस में सवार एक बच्चे और एक महिला समेत तीन की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हो गए। हालांकि हादसे की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या अभी और होने की संभावना जताई जा रही है।

इधर हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इन लोगों ने बस का आगे का शीशा तोड़ कर घायलों को बस से बाहर निकालना शुरू किया। इसके बाद प्राइवेट वाहनों से कुछ घायलों को जिला अस्पताल में उपचार को भी भेजा। इधर बड़े हादसे की जानकारी पर जिलाधिकारी निखिल चंद्र शुक्ला और एसएसपी बबलू कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी के मौके पर पहुंचने पर वहां आठ थानों की पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में उपचार को भेजा गया। हालांकि अभी हादसे में मृतकों की संख्या के बारे में कोई भी अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *