” ओवैसी हिस्सेदारी की बात न करें, ‘1947 में ही दे दी थी”

ऑल इंडिया मजलिस-ए इत्तेहादुल मुसलिमीन के चीफ और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर विवाद गहराता जा रहा है. अब ओवैसी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेता माधव भंडारी ने कहा है कि उन्हें सोच-समझकर बोलना चाहिए. इतना ही नहीं, ये नसीहत देते हुए भंडारी ने यहां तक कह दिया कि ओवैसी अगर हिस्सेदारी की भाषा बोलेंगे तो हिस्सेदारी 1947 में दे दी गई.

केंद्र में दूसरी बार प्रचंड बहुमत से मोदी सरकार आने के बाद असदुद्दीन ओवैसी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. इस कड़ी में उन्होंने कहा है कि अगर कोई ये समझ रहा है कि हिंदुस्तान के पीएम 300 सीट जीत कर देश पर मनमानी करेंगे तो ऐसा नहीं हो सकता.

ओवैसी ने यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री से हम कहना चाहते हैं कि संविधान के तहत आपसे लड़ा जाएगा. ओवैसी ने इससे आगे यह भी कहा कि हम हिंदुस्तान को आबाद रखेंगे, हम यहां पर बराबर के हकदार हैं, किराएदार नहीं हैं हिस्सेदार रहेंगे.

ओवैसी के इसी बयान पर महाराष्ट्र के बीजेपी नेता माधव भंडारी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने न सिर्फ ओवैसी को सोच-समझकर बोलने की नसीहत दी है, बल्कि आजादी के भारत के बंटवारे से बने पाकिस्तान की भी याद दिला दी है. भंडारी ने ओवैसी को संबोधित करते हुए कहा, ‘उनको किसी ने किराएदार नहीं कहा, लेकिन हिस्सेदारी की भाषा बोलेंगे तो हिस्सेदारी 1947 में दे दी तो मामला खत्म हो गया.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *