भाजपा नेता बृजपाल तेवतिया पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

गाजियाबाद। दिल्ली के पास गाजियाबाद के मुरादनगर में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के करीबी और यूपी बीजेपी नेता बृजपाल तेवतिया पर गुरुवार शाम AK-47 राइफल से अज्ञात बंदूकधारियों ने हमलाकर दिया, जिसमें तेवतिया सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।  मामला गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली मार्ग का है जहां बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए करीब 100 गोलियां चलाईं। हालांकि बीजेपी नेता बृजपाल तेवतिया बच गए और अभी नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है लेकिन उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यूपी में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव की हलचल के बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया पर हुए इस हमले ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। खबरों के मुताबिक हमलावरों का पुलिस से सामना हुआ लेकिन वो भागने में कामयाब रहे। घटना के बाद मेरठ जोन के आईजी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

gzb

कार के अंदर की तस्वीरें तो और दिल दहला देने वाली हैं। बीजेपी नेता बृजपाल तेवतिया गोलियों से छलनी हो चुकी इसी स्कॉर्पियो कार में सवार थे। इस दौरान करीब 100 गोलियां चलीं। जिसमें से 21 गोलियां तो सामने वाले शीशे पर चली और 5 गोलियों से स्कॉर्पियो का बोनट छलनी हो गया। फॉर्च्यूनर कार में सवार हमलावरों ने तेवतिया की गाड़ी को ओवरटेक किया और गोलियां बरसाने लगे। खबरों के मुताबिक हमला करने के बाद हमलावर चालाकी से कार छोड़ कर ऑटो में बैठ गए थे। हालांकि ऑटो की चेकिंग के दौरान पुलिस का सामना हमलावरों से हुआ लेकिन वहां पुलिस पर भी फायरिंग करके वो भागे, गनीमत रही की पुलिसवाले बच गए।

बुरी तरह जख्मी बृजपाल तेवतिया और उनके समर्थकों को पहले गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया। फिर देर रात नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेवतिया पर हमले की खबर आग की तरह फैली। राजनाथ सिंह के करीबी माने जाने वाले तेवतिया का हालचाल लेने राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह और मोदी सरकार के मंत्री महेश शर्मा भी पहुंचे। हमलावरों ने जिस तरह एके 47 राइफलों का इस्तेमाल किया उससे ये साफ है कि वो किसी कीमत पर तेवतिया को जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे। एसटीएफ समेत पुलिस की कई टीमें अब हमलावरों को तलाश रही हैं।

तेवतिया और पांच अन्य घायलों को गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने तेवतिया को नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल भेज दिया है।मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से साल 2012 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके तेवतिया आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर गाजियाबाद आ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *