केंद्र की सत्ता में भाजपा का होना देश का दुर्भाग्य: ममता

बहरामपुर। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) केंद्र की सत्ता पर काबिज है।

बनर्जी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोग जनता के अधिकारों का हनन कर रहे हैं तथा उनके बैंक खातों को आधार से भलक करवाने को कह रहे हैं जबकि कुछ अन्य करोड़ों रूपये लेकर भाग जा रहे हैं। जनता गरीबी के पाटों में पीस रही है और वे विशाल कार्यालय बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी से एक साल पहले ही इसकी योजना बना ली गई थी।

 

उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई शाखा में हुए 11,400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के हवाले से कहा कि इसके अलावा कई अन्य राष्ट्रीय बैंकों जैसे बैंक ऑफ बड़ौदा में भी धोखाधड़ी के मामले हैं। इससे आम आदमी का बैंकों पर से भरोसा उठ गया है।

 

उन्होंने कहा कि आम लोगों द्वारा बैंकों में पैसा जमा किया गया है और इस पैसों को अमीर तथा प्रभावशाली लोगों की ओर से ठगा जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’योजना पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि बेटी बचाओ योजना वास्तविक रूप में एक सौ करोड़ बजट है। आखिर एक सौ करोड़ रुपये से देश के 130 करोड़ लोगों का क्या भला हो सकता है।

तृणमूल नेता ने कहा कि राजनीतिक दलों को लोगों के हित में काम करना चाहिये तथा उन्हें जन बल पर गर्व करना चाहिए, न कि धन बल पर। लोकतंत्र और जनता की आवाज को पैसे की ताकत पर कभी नहीं खरीदा जा सकता। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा चुनावों पर वह नजर बनाये हुए हैं और सही समय आने पर टिप्पणी करेंगी। –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *