बापू की भूमि भी दूसरा गाल आगे नहीं बढ़ाएगी- पनामा में बोले शशि थरूर

भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दुनिया के अलग अलग देशों में अपना प्रतिनिधिमंडल भेजा है। सांसदों के सात प्रतिनिधिमंडल दुनियाभर के देशों में जाकर आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का पक्ष रखने के साथ पाकिस्तान की हकीकत भी सामने ला रहे हैं।

बापू की भूमि भी दूसरा गाल आगे नहीं बढ़ाएगी- पनामा में बोले शशि थरूर

इस बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पनामा में आतंकवाद के खिलाफ भारत के नज़रिए को एक बार फिर दोहराया।

भारतीय दूतावास की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए शशि थरूर ने महात्मा गांधी की बिना किसी डर के जीने के संदेश का सामने रखा। किसी भी हमले का करारा जवाब देने की बात पर उन्होंने कहा कि हमारा देश अब दूसरा गाल आगे नहीं बढ़ाएगा।

शशि थरूर ने पनामा में कहा- ‘महात्मा गांधी ने आजादी के लिए हमारे संघर्ष में अपने साहसी नेतृत्व में हमें यह भी सिखाया कि हमें हमेशा अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना चाहिए। हमें हमेशा उन मूल्यों के लिए खड़ा होना चाहिए, जिन पर हम विश्वास करते हैं। हमें बिना किसी डर के जीना चाहिए।’

आगे थरूर का कहना था- ‘डर से निजात ही वह चीज है, जिसके लिए हमें भारत में इन दिनों लड़ना पड़ रहा है। हमें उन दुष्ट लोगों के विरोध में लड़ना है, हमें ऐसे नापाक लोगों के बुरे हमलों के खिलाफ लड़ना है, जिसे दुनिया आतंकवादी कहती है।’

उन्होंने अपनी बात में आगे जोड़ा- ‘ऐसे दुष्ट लोग मानते हैं कि हमारे देश में आकर निर्दोष लोगों को मारकर और फिर से भागकर वे बच जाएंगे। उन्हें लगता है कि इस तरह की हरकत करके वे किसी तरह किसी बड़े राजनीतिक या धार्मिक मकसद को हासिल कर लेंगे।

महात्मा गाँधी का ज़िक्र करते हुए थरूर ने कहा- ‘यह ऐसा कुछ नहीं है, जिसके आगे कोई भी स्वाभिमानी देश झुकेगा। यहां तक कि महात्मा गांधी की भूमि भी ऐसा होने पर दूसरा गाल नहीं आगे बढ़ाएगी, हम जवाब देंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *