यूपी के मंत्री बोले- राम मंदिर बनकर रहेगा, सरकार हमारी है और सुप्रीम कोर्ट भी

राम मंदिर निर्माण पर चल रहे विवाद के बीच बीजेपी के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा का एक बड़ा बयान आया है. मीडिया से बातचीत में मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट भी हमारा है और कार्यपालिका भी हमारी है, राम मंदिर तो बनकर रहेगा.

बता दें कि कैबनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, बहराइच के कैसरगंज से बीजेपी के विधायक है. मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर के मुद्दे पर नहीं, विकास के मुद्दे पर सत्ता में आई है. मंदिर उनका आराध्य है. मंदिर बनेगा क्योंकि सुप्रीम कोर्ट भी हमारा है, कार्यपालिका व विधायिका भी हमारी है और देश भी हमारा है.

इस बयान पर बीजेपी नेता अनिला सिंह ने CNN-News18 को बताया, ‘सुप्रीम कोर्ट स्‍वतंत्र है. ऐसा नहीं कह सकते कि सुप्रीम कोर्ट किसी के दबाव में है.’ उन्‍होंने आगे कहा कि राम मंदिर का मसला न्‍यायालय में है. बकौल सिंह, ‘सुप्रीम कोर्ट किसी संगठन या राजनीतिक दल से संबंध नहीं रखता है.’

वहीं कांग्रेस नेता संजय झा ने बयान की आलोचना की. उन्‍होंने कहा, ‘यह अति निंदनीय बयान है. बीजेपी मंत्री का यह कहना कि सुप्रीम कोर्ट उनका है, न्‍यायपालिका का अपमान है और सुप्रीम कोर्ट की स्‍वतंत्रता पर सवाल खड़ा करता है.’

बकौल झा, ‘क्‍या आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इस तरह के खतरनाक बयानों से आम आदमी पर क्‍या असर पड़ता है? मैं उम्‍मीद करता हूं कि सुप्रीम कोर्ट कड़ी कार्रवाई करेगा.’

वैसे ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी बीजेपी नेता ने इस तरह का बयान दिया हो. पिछले महीने उत्‍तर प्रदेश के उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि यदि जरूरत पड़ी और कोई दूसरा रास्‍ता नहीं निकला तो केंद्र राम मंदिर बनाने के लिए संसद का रास्‍ता अपनाएगी.

उन्‍होंने कहा था, ‘वर्तमान में हमारे पास संसद में पर्याप्‍त ताकत नहीं है. यदि हम मामले को लोकसभा में लाते भी हैं तो राज्‍य सभा में हमारी ताकत कम है और इससे हमें हार मिलेगी. भगवान राम का प्रत्‍येक भक्‍त यह बात जानती है. कोर्ट जल्‍द ही फैसला करेगी. जिस दिन हमारी पास ताकत आएगी इसका इस्‍तेमाल होगा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *