बहराइच नहीं पहुंच सके पीएम, फोन पर बोले  ‘सच दबाने में लगा है विपक्ष’

बहराइच। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों पर नोटबंदी के मामले पर सच को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि ये लोग किसी भी सूरत में ईमानदारी के रास्ते पर नहीं आना चाहते, लेकिन ईमानदारों के आशीर्वाद से वह इस जंग को जरूर जीतेंगे। bahraich rally

bahraich rally modi

प्रधानमंत्री ने खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर ना उतर पाने के कारण मोबाइल फोन पर दिए सम्बोधन में कहा, ”विपक्षी दल हमें सरकार की बात बताने से रोक रहे हैं। हम उनसे संसद में कहते हैं कि आओ चर्चा करें लेकिन योजनाबद्ध तरीके से आसन के सामने आने और शोर मचाने का काम हो रहा है। एक तरह से सत्य को दबाने की कोशिश की जा रही है।”

उन्होंने कहा कि हम ईमानदारी के लिये लड़ रहे हैं लेकिन ये लोग किसी भी हालत में ईमानदारी के रास्ते पर नहीं आना चाहते। यह पहला मौका है जब एसपी और बीएसपी वाले एक ही भाषा बोल रहे हैं। पहली बार काले धन और भ्रष्टाचार के खिलाफ हम जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसके खिलाफ सपा और बसपा एक सुर में बोल रहे हैं। इन दोनों दलों को नोटबंदी से कठिनाई हुई है। यूपी की जनता इस बात को भली भांति जानती है, इसलिये मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता।

मोदी ने मोबाइल पर दिये अपने भाषण को मोबाइल बैंकिंग से जोड़ते हुए कहा कि आज ईमानदारी के रास्ते पर जाने के लिये देश का आम नागरिक कष्ट सहन कर रहा है जबकि बेईमान लोगों को दूसरी तरह की परेशानियां हो रही हैं।

मोदी ने विश्वास जताया कि ईमानदार नागरिकों की मदद से वह ईमानदारी की लड़ाई जीतेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार बेईमानों के पीछे पड़ी है। रोज बड़े-बड़े बैंक वाले और बाबू पकड़े जा रहे हैं। यह सरकार गरीबों की है, गरीबों के लिये है और जिन-जिन लोगों ने गरीबों को परेशान किया, ऐसे बेईमानों के खिलाफ हम काम कर रहे हैं।

अखिलेश सरकार पर हमला

मोदी ने उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि आज इस प्रदेश के हालात गुंडाराज में परिवर्तित हो गये हैं। हर व्यक्ति गुंडागर्दी से परेशान है। पुलिस भी ऐसे लोगों को नहीं रोक पा रही हैं। कहीं-कहीं पुलिसवाले गुंडों की मदद भी करते हैं। अगर इस प्रदेश को आगे ले जाना है तो गुंडों के रक्षकों को हटाना पड़ेगा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा आपके सपनों को पूरा करके रहेगी।

प्रधानमंत्री ने बहराइच के साथ भावनात्मक लगाव जाहिर करते हुए कहा कि खराब मौसम के कारण वह रैलीस्थल पर नहीं उतर सके। बहराइच के साथ उनका बेहद प्यार का नाता रहा है। वह जल्द ही फिर यहां आना चाहेंगे। यह मौसम का तकाजा है लेकिन मोबाइल फोन से मैं आप तक पहुंच गया हूं।

इसके पूर्व प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण करीब 30 मिनट तक हवा में उड़ता रहा। इस बीच मंच से बार-बार ऐलान होता रहा कि प्रधानमंत्री जल्द ही आप सबके बीच आने वाले हैं।

बहरहाल, हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष ने हेलीकॉप्टर को खराब मौसम की वजह से उतरने की इजाजत नहीं दी। उसके बाद मोदी ने भाजपा के प्रान्तीय अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य से बात की और मोबाइल फोन से सम्बोधन देने का फैसला किया।

www.naqeebnews.com

# bahraich rally

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *