मंगलवार सुबह होने वाली आजम खान की रिहाई को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। दरअसल बेल बॉन्ड में उनके पते में गलती पाए जाने के कारण रिहाई की प्रक्रिया रुक गई।

इसके बाद दोपहर को उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई और वह कड़ी सुरक्षा के बीच गाड़ी में सवार होकर जेल परिसर से बाहर निकले। जिला प्रशासन की ओर से सीतापुर जेल रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ आजम खां की रिहाई को लेकर आज सुबह से ही एलआईयू की टीमों के अलावा ड्रोन टीम व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।
आजम खान की रिहाई के मौके पर उनके परिवार के सदस्य सीतापुर में मौजूद रहे। इस दौरान जेल के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
नवरात्रि की भीड़ के बीच जेल रोड पर समर्थकों का जमावड़ा देखने में आया जिससे जाम की स्थिति बनी। शहर में धारा 144 लागू होने के कारण जेल के आसपास भीड़ के जमा होने पर पाबन्दी थी। इन हालत को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील है कि थी कि सभी लोग पुलिस का सहयोग करें।
बताते चलें कि आजम खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे। उनको 72 मामलों में जमानत मिल चुकी है, जिसमें हाल ही में क्वालिटी बार लैंड ग्रैब केस भी शामिल है।
आज़म खां की रिहाई के बाद जिला कारागार से दो गाड़ियां बाहर आई जिनमे एक गाड़ी में आजम खां थे और उनके साथ मौजूद चार अन्य लोगों में उनके पुत्र अदीब, अब्दुल्ला, उनके प्रतिनिधि व दो अन्य लोग थे। साथ आने वाली दूसरी गाड़ी में आजम खां का सामान था। इसमें उनकी किताबें, कपड़े व अन्य सामान शामिल था।
बताते चलें कि आजम खां पर 104 केस दर्ज हैं। इसमें रामपुर में 93 मामलेदर्ज हैं। सभी मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है।













