‘ड्रग पार्टी’ के आरोपों पर करण जौहर ने तोड़ी चुप्पी

पिछले दिनों बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर के घर पर कुछ दिनों पहले एक हाउस पार्टी हुई थी। इस पार्टी में दीपिका पादुकोण, अर्जुन कपूर, विक्की कौशल, शाहिद कपूर समेत कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी।

करण जौहर ने इस पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसके बाद खूब विवाद हुआ था। करण पर आरोप लगा कि उन्होंने अपने घर पर फिल्मी सितारों के लिए ‘ड्रग पार्टी’ रखी थी। पार्टी में सभी सितारे नशे में धुत थे। अब करण ने पहली बार इस विवाद पर नाराजगी जाहिर करते हुए चुप्पी तोड़ी है।

करण जौहर ने एक इंटरव्यू में इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा, मेरी पार्टी में इंडस्ट्री के बड़े लोग थे जो पूरे हफ्ते कड़ी मेहनत के बाद नाइट आउट में अच्छा समय बिता रहे थे। मैंने पूरी ईमानदारी से वो वीडियो बनाया था। अगर मेरी पार्टी में ड्रग का इस्तेमाल होता तो मैं उस वीडियो को क्यों शेयर करता। मैं बेवकूफ नहीं हूं।

करण ने उस सवाल का भी जवाब दिया, जिसमें विक्की कौशल के ड्रग पाउडर इस्तेमाल करने को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा, ‘अब आप अपनी नाक भी नहीं खुजला सकते हैं क्या? आप अपना फोन पैंट की पीछे की जेब में नहीं रख सकते क्या? एक लाइट की परछाई किसी तरह का पाउडर बन सकती है क्या?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *