मोदी की ग़लत नीतियों के कारण 42 हजार व्यवसायियों को देश छोड़ना पड़ा : अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। जेलों में अपराधी बंदियों की दबंगई चल रही है।

भारत की केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर देश को आर्थिक संकट में ढकेलने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरूवार को दावा किया कि गलत आर्थिक नीतियों से त्रस्त होकर 42 हजार व्यवसायियों को देश छोड़कर विदेश जाना पड़ा।

अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में आम लोगों से मुलाकात के दौरान कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था पर संकट आया है और व्यापार जगत में अराजकता की स्थिति है। लोगों की घरेलू बचत बैंकों में कैद हो गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से परेशान होकर 42 हजार व्यवसायी देश छोड़कर विदेश चले गए हैं और बैंकों की स्थिति डांवांडोल है।

उन्होने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य लम्बे समय से ठप्प है। जनहित का कोई काम नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री अपने राज्य की चिंता छोड़कर दूसरे प्रदेशों में भाजपा के प्रचार में जुटे हैं। उनकी चिंता अन्य प्रदेशों में भाजपा सरकार बनाने की है। उत्तर प्रदेश के बजाय 2019 में केन्द्र में भाजपा को बचाए रखना उनकी प्राथमिकता में है।

अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। जेलों में अपराधी बंदियों की दबंगई चल रही है। हत्या, लूट और अपहरण की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। पुलिस का मनोबल गिरा हुआ है।

समाजवादी सरकार में अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 सेवा एवं 1090 वूमेन पावर लाइन सेवाएं शुरू की गई थी और भाजपा ने इन्हें भी बर्बाद कर दिया।

उन्होने कहा कि समाज में आज जो तनाव है उसके पीछे भाजपा की समाज को बांटने वाली नीतियां है। हर कोई परेशान है। भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है जो विकास कार्य समाजवादी सरकार में चल रहे थे उन्हें भी अवरूद्ध कर दिया गया है। अब तक के पूरे कार्यकाल में भाजपा सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया है जिसका उल्लेख किया जा सके। भाजपा सरकार से पीड़ित लोग इस सच्चाई से अवगत है। प्रतीक्षा केवल 2019 का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *