जेटली पर हो रहा है इलाज का असर, हालत स्थिर

नई दिल्ली। सांस लेने में परेशानी और बेचैनी की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की हालत स्थिर है और इलाज का उन पर असर हो रहा है। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने वेंकैया नायडू के अस्पताल के दौरे के बाद शनिवार को यह जानकारी दी।

उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का दौरा कर अपने पूर्व कैबिनेट सहयोगी जेटली की सेहत की जानकारी ली।

उपराष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया, ‘आज सुबह एम्स जा कर डॉक्टरों से अरुण जेटली का कुशलक्षेम जाना और उनके परिजनों से बातचीत की। डॉक्टरों ने बताया कि जेटली की स्थिति स्थिर है और उपचार से स्थिति में क्रमशः सुधार हो रहा है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली को शुक्रवार सुबह एम्स की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि वह ‘हिमोडायनैमिकली स्थिर’ हैं। इस अवस्था में मरीज की हृदयगति और रक्त संचार स्थिर रहता है। (भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *