रॉकिंग स्टार यश की ‘टॉक्सिक को 2026 की सबसे ज्यादा चर्चित और रहस्यमय फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। कियारा आडवाणी की इस अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ से उनका जो फर्स्ट लुक सामने आ चुका है जिसमें वो नादिया के किरदार में नजर आई हैं।

ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स अब और गहरा हो गया है। दरअसल मेकर्स ने हुमा कुरैशी की एलिजाबेथ के रूप में पहली झलक जारी कर दी है। इस किरदार में हुमा की एंट्री इस डार्क दुनिया में रहस्य, आकर्षण और खामोश खतरे जैसा एहसास दिलाने में सफल नज़र आ रही है।
बीते सालों में हुमा कुरैशी ने फिल्मों और सिरीज के जरिए एक बेहतरीन सफर तय किया है। हमेशा उम्मीदों को हमेशा चुनौती देने वाली हुमा इस बार भी स्क्रीन पर गहरी छाप छोड़ने की तैयारी में नज़र आ रही हैं।
एलिजाबेथ के रूप में हुमा का पहला लुक अपने आप में एक दिलचस्प किरदार के साथ विरोधाभास भी दे रहा है। हुमा यहाँ एक कब्रिस्तान के बीच, टूटे-फूटे पत्थर, पुराने फरिश्तों की मूर्तियों और भारी माहौल के बीच, वह एक चमकदार विंटेज काली कार के पास खड़ी हैं। पुरानी दुनिया की शानो-शौकत बिखेरते हुए ऑफ-शोल्डर काले परिधान में हुमा किसी खतरे के साथ रहस्य के संकेत भी दे रही हैं।
हुमा को कास्ट करने पर फिल्म की निर्देशक गीती मोहंदासका कहना था कि यह किरदार बेहद कठिन था और इसके लिए ऐसी अदाकारा चाहिए थी जिसमें रुतबा, गहराई और जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस हो। उनके मुताबिक़, इस फ्रेम में आते ही हुमा ने एलिजाबेथ को जिंदा कर दिया।
केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के तहत बनाई गई ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च 2026 के बड़े त्योहारों वाले वीकेंड पर धमाकेदार रिलीज के लिए तैयार है। यश और गीती मोहंदास द्वारा लिखी और निर्देशित यह फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट की गई है। इसके अलावा फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी।
बताते चलें कि केजीएफ चैप्टर 2 के बाद चार सालों तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बाद यश ‘टॉक्सिक, ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के साथ धमाकेदार वापसी कर रहे हैं। केजीएफ-2 का बजट 100 करोड़ था। यह अब तक की यश की सबसे महंगी फिल्म थी। इसके बाद अब टॉक्सिक 200 करोड़ के बजट के साथ यश के करियर की सबसे महंगी फिल्म बन गई है।
रवि बसरूर का संगीत, उज्ज्वल कुलकर्णी की एडिटिंग और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता राजीव रवि की सिनेमैटोग्राफी तथा टीपी आबिद का प्रोडक्शन डिजाइन और जॉन विक फेम जे जे पेरी के साथ एनबरिव और केचा खाम्फाक्दी का धमाकेदार एक्शन इस फिल्म को तकनीकी रूप से और भी विशाल बनाता है।
