अक्षय खन्ना ने हीरो बनकर वह लोकप्रियता हासिल नहीं की जो एक डकैत के किरदार ने उन्हें दिला दी है। फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत का किरदार इस समय कहर ढा रहा है।

अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत बनकर धुरंधर फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाया है, जो ऐसा कसाई है कि उसकी हैवानियत देख रोंगटे खड़े हो जाते हैं। फिल्म में अक्षय का यह किरदार हर तरफ उनको नए सिरे से लोकप्रिय बना रहा है। अक्षय के पास इस समय फिल्मों की लाइन लग गई है। उम्मीद की जा रही है कि साल 2026 में वह 7 फिल्मों के साथ नज़र आने वाले हैं। तो एक नज़र डालते हैं उनकी आने वाली फिल्मों पर।
वैसे अक्षय का यह जलवा सिर्फ ‘धुरंधर’ तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले साल यानी 2026 में वह और कई फिल्मों में ऐसा ही गदर मचाते नजर आएंगे। ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना ने जो तूफानी परफॉर्मेंस दी है, उसके बाद उनके पास फिल्म ऑफर्स की बाढ़ आ गई है।
अक्षय के करियर के हवाले से देखें तो आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ उनके करियर में अहम मील का पत्थर साबित हुई है। जहां अक्षय की रहमान डकैत के रोल में आलोचक भी तारीफ कर रहे हैं, वहीं हर फिल्ममेकर की निगाहें अब उन पर टिकी हैं।
धुरंधर पार्ट 2
2026 में अक्षय खन्ना की आने वाली फिल्म का पहला नाम ‘धुरंधर-पार्ट 2’ है। मेकर्स सीक्वल का ऐलान कर चुके हैं और उम्मीद है कि यह मार्च 2026 में प्रदर्शित होगी। इस फिल्म में अक्षय खन्ना अपने रहमान डकैत के रोल में वापसी करेंगे। खबर है कि ‘धुरंधर 2’ में अक्षय खन्ना का किरदार और भी खूंखार होगा।
दृश्यम 3
दूसरी फिल्म ‘दश्यम 3’ है। अजय देवगन, श्रिया सरन और तबू स्टारर ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइज के दूसरे पार्ट में अक्षय खन्ना के जानदार किरदार के बाद अब फैंस इसके अगले सीक्वल का इन्तिज़ार कर रहे हैं। इस फिल्म में अक्षय खन्ना को बहुत पसंद किया गया था और अब ‘दृश्यम 3’ में वह इसी किरदार में आएँगे।
इक्का
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली ‘इक्का’ अक्षय खन्ना की एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है। अभी इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई हैं। फिलहाल, फिल्म की शूटिंग चल रही है। इसे सिद्धार्थ मल्होत्रा डायरेक्ट कर रहे हैं।फिल्म ‘बॉर्डर’ की रिलीज के 28 साल बाद किसी फिल्म में सनी और अक्षय खन्ना साथ नजर आएंगे।
महाकाली
फिल्म ‘महाकाली’ की शूटिंग भी चल रही है और इसमें अक्षय खन्ना का बेहद दमदार रोल में हैं। फिल्म में वह असुर गुरु शुक्राचार्य का किरदार निभाएंगे। यह एक तेलुगू फिल्म है और हाल ही इससे शुक्राचार्य के किरदार में उनका पोस्टर जारी किया गया था, जो काफी चर्चा में रहा।
सेक्शन 84 और जासूसी थ्रिलर
इन सभी किरदारों के बीच अक्षय खन्ना के नाम दो और प्रोजेक्ट्स हैं। इसमें एक नाम ‘सेक्शन 84’ है, जो एक कोर्टरूम थ्रिलर है। जबकि, एक और फिल्म के लिए अक्षय खन्ना के नाम की चर्चा है। हालांकि, अभी इस फिल्म का नाम सामने नहीं आया है। खबर है कि यह एक जासूसी थ्रिलर होगी और इसमें भी वह एक विलेन के किरदार में देखे जा सकते हैं।















