एक्टर सैफ अली खान पर घर में हमला, करीना ने बताई खैरियत

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान उस वक़्त घायल हो गए जब एक शख्स ने घर में उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना उनके बांद्रा (पश्चिम) स्थित मकान की है। 

एक्टर सैफ अली खान पर घर में हमला, करीना ने बताई खैरियत

हादसा बुधवार और गुरुवार की रात करीब 2:30 बजे का है। सैफ उस समय अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर थे। हादसे पर करीना कपूर की टीम की ओर से जारी स्टेटमेंट में एक्ट्रेस ने बीती रात का मामला बताया है और सैफ की सेहत की भी जानकारी दी। उनके मुताबिक़, घर में बीती रात चोरी की कोशिश हुई जिसमे सैफ के हाथ में चोट लगी है जिसकी वजह से वे अस्पताल में हैं और सर्जरी से गुजर रहे हैं। उनका कहना है कि परिवार के बाकी सदस्य ठीक हैं।

अपने स्टेटमेंट में करीना ने फैंस से धैर्य रखने की अपील की है और कहा है कि वह मीडिया और फैंस से रिक्वेस्ट करती हैं कि कोई अटकलें न लगाएं क्योंकि पुलिस पहले से ही अपनी उचित जांच कर रही है। साथ ही उन्होंने शुभचिंतकों को धन्यवाद कहा है।

बताया जा रहा है कि ये शख्स चोरी के इरादे से घर में घुसा था। सबसे पहले इसने सैफ के घर की नौकरानी पर हमला किया। आवाज सुनकर सैफ अली खान अपने कमरे निकले तो हमलावर ने उन पर ही चाकू से वार कर दिया।

हादसे में सैफ को कुछ चोटें आई हैं। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। पुलिस के मुताबिक़, हादसे के बाद वह शख्स मौके से भाग गया। पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, सैफ का इलाज लीलावती अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के सीईओ नीरज उत्तमानी ने जानकारी दी है कि सैफ अली खान को सुबह 3:30 बजे लीलावती लाया गया।

सैफ को छह चोटें आई हैं, जिनमें से दो गहरी हैं। एक चोट उनकी रीढ़ के पास है। जिसका ऑपरेशन किया गया है। उनका ऑपरेशन न्यूरोसर्जन नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन लीना जैन और एनेस्थेटिस्ट निशा गांधी ने किया। डॉक्टरों का कहना है कि सारी रिपोर्ट्स आने के बाद ही नुकसान जानकारी और हेल्थ अपडेट दिया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *