आज पंजाब चुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है AAP

 

नई दिल्ली।  आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को जारी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक इसमें 25 से 40 उम्मीदवारों को जगह दी जाने की तैयारी है।

aap
उम्मीदवारों के नाम पर आखिरी फैसला पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) को लेना है। सूत्रों के मुताबिक रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर पीएसी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। उम्मीदवारों के चयन के लिए बाकायदा स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है।

हाल ही में आम आदमी पार्टी की पंजाब टीम ने लगभग 40 उम्मीदवारों की एक लिस्ट पीएसी को भेजी थी। उम्मीदवारों के चयन में हर सीट पर 4 से 5 नामों को शामिल किया गया है, जिसमें पार्टी की ओर से इन सभी नामों की सघन छानबीन की गई है।

रविवार को हुई पार्टी बैठक में भी इन सभी नामों पर विचार के बाद सोमवार को घोषणा की जा सकती है। आम आदमी पार्टी सूत्रों की मानें तो उम्मीदवारों को चुनने के मामले में कमेटी ने दो बातों का खास ध्यान रखा है।
पहला यह कि उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक मामले तो नहीं हैं। दूसरा ये कि उम्मीदवार की शिक्षा कितनी है और उसकी डिग्री कहां की है।

आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दिल्ली के चुनाव से लेकर, नगर निगम के उपचुनाव तक यही देखने मिला है कि आम आदमी पार्टी सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा करते आई है। जाहिर है जहां विरोधी दल अपने उम्मीदवारों के चयन में ही जुटे होते हैं, वहां आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा करके बाजी मार लेती है।

इसी साल दिल्ली के तीनों नगर निगमों के लिए उपचुनावों में भी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूची डेढ़ महीने पहले ही जारी कर दी थी। पार्टी का मानना है कि इसके चलते प्रत्याशियों को अपना प्रचार करने का पूरा समय मिल जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *