जापानी युद्धपोत को 83 साल बाद प्रशांत महासागर की गहराई में खोजा गया है। यह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान डूब गया था। इसका मलबा ओशन एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट को सोलोमन द्वीप समूह के पास मिला। टेरुज़ुकी का जापानी में अर्थ “चमकता चाँद” होता है।

टेरुज़ुकी (Teruzuki) नामक यह विध्वंसक 1942 में सोलोमन द्वीप समूह के पास सैन्य उपकरण पहुँचाने के मिशन पर डूब गया था। हवाई खोज रडार से लैस 134 मीटर लंबा तेरुज़ुकी जापानी नौसेना का दूसरा अकिज़ुकी-श्रेणी का विध्वंसक था।
यह युद्धपोत दिसंबर 1942 में एक अमरीकी टारपीडो हमले में नष्ट हो गया था। टारपीडो के विस्फोट से जहाज़ का पतवार और एक प्रोपेलर शाफ्ट नष्ट हो गया, जिससे वह पूरी तरह से निष्क्रिय हो गया। अमरीकी नौसेना संस्थान के अनुसार, नवंबर 1942 में, 400 फुट लंबे अकिज़ुकी-श्रेणी के विध्वंसक ने अपनी तेज़-तर्रार 100 मिमी तोपों का इस्तेमाल करके दो अमरीकी विध्वंसक जहाजों को डुबो दिया था। टेरुज़ुकी के टॉरपीडो ने दो अन्य अमेरिकी युद्धपोतों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था।
इतिहासकारों के अनुसार, 12 दिसंबर 1942 को ग्वाडलकैनाल के उत्तरी तट पर आपूर्ति जहाजों के एक काफिले की रक्षा करते समय टेरुज़ुकी को अमरीकी पीटी नौकाओं ने निशाना बनाया। टेरुज़ुकी पर दो अमरीकी टॉरपीडो से हमला हुआ, जिससे उसका पतवार टूट गया और जहाज़ निष्क्रिय हो गया। चालक दल के ज़्यादातर सदस्य या तो बच गए या तैरकर किनारे पहुँच गए, लेकिन टेरुज़ुकी के समुद्र की तलहटी में गिर जाने से नौ लोगों की मौत हो गई।
ओशन एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट के एक शोध अभियान के दौरान रिमोट से संचालित वाहनों (आरओवी) द्वारा तेरुज़ुकी को 800 मीटर (2,600 फीट) से अधिक की गहराई पर खोजा गया था। यह खोज जहाज के अंतिम क्षणों के बारे में नई जानकारी प्रदान करती है, क्योंकि मलबे से पता चलता है कि जहाज संभवतः अपने ही डेप्थ चार्ज के विस्फोट के बजाय दो टॉरपीडो हमलों से डूबा था।
तेरुज़ुकी जापान के विशिष्ट विध्वंसक जहाजों में से एक था, जो टॉरपीडो और विमान-रोधी तोपों से लैस था, और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापानी बेड़े की सुरक्षा में इसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बाद में जहाज के ईंधन टैंक में आग लग गई, जिसने हथियारों को भी अपनी चपेट में ले लिया और भीषण विस्फोट हुआ, जिसके बाद जहाज पूरी तरह डूब गया।














