स्कॉटलैंड के एक दूर के आइलैंड पर यहाँ के निवासी खुशियां मन रहे हैं। इस ख़ुशी का कारण है 34 साल बाद इस आइलैंड पर किसी बच्चे का जन्म लेना। स्कॉटलैंड के दूर-दराज़ द्वीप नॉर्थ रोनाल्डसे पर तीन दशकों से ज़्यादा समय में पहली बार एक बच्चे का जन्म हुआ है।
सीएनएन की एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस ट्रेलफोर्ड और उनके पार्टनर जॉर्ज सुआरेज़ के घर 15 सितंबर को स्कॉटिश आइलैंड नॉर्थ रोनाल्डसे पर एक बेटे को जन्म हुआ। जिसका नाम डंकन वाइल्डर थोरस्टीन ट्रेल सुआरेज़ फोर्ड रखा गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आइलैंड पर आखिरी बच्चा थॉमस ब्रॉकमैन अगस्त 1992 में पैदा हुआ था। हैरानी की बात यह है कि इस छोटे से आइलैंड पर कोई हॉस्पिटल या परमानेंट डॉक्टर नहीं है, सिर्फ एक परमानेंट नर्स है क्योंकि यहां सिर्फ 70 लोग रहते हैं।
खबर से यह भी मालूम हुआ कि ट्रेल फोर्ड, उनके मंगेतर जॉर्ज सुआरेज़ और परिवार अपना समय कोस्टा रिका और नॉर्थ रोनाल्डसे के बीच बिताते हैं.इस दंपत्ति की मूल योजना डंकन का जन्म कोस्टा रिका में कराने की थी। जब परिवार नॉर्थ रोनाल्डसे पहुँचा, तो उनकी वापसी की फ़्लाइट पहले से बुक हो चुकी थी, लेकिन वहाँ पहुँचते ही बच्चे के जन्म की योजना बदल गई।
ट्रेल फोर्ड ने कहा, “मुझे तुरंत एहसास हो गया कि यह उसके लिए सबसे खास, जादुई और सुखद जन्म अनुभव होगा जो मैं उसे दे सकती हूँ।” उनके परिवार ने 1727 में यह द्वीप खरीदा था।
खबर में यह भी कहा गया है कि इस आइलैंड से किसी बड़े मेडिकल सेंटर तक पहुंचने के लिए करीब 2 घंटे 40 मिनट का हवाई या समुद्री सफर करना पड़ता है। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चे को जन्म देने के लिए इस आइलैंड को चुनने के बाद, एलिस और जॉर्ज ने लोकल मेडिकल अधिकारियों से संपर्क किया और इमरजेंसी से निपटने का प्लान बनाया। आखिरकार, दो दाइयों को कोस्ट गार्ड हेलीकॉप्टर से आइलैंड पर ले जाया गया, जिनकी मौजूदगी में बच्चे की सुरक्षित डिलीवरी हुई।