अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम को जहर देकर मारने की कोशिश

दाऊद इब्राहिम से जुड़े एक बड़े अपडेट के मुताबिक़ उन्हें ज़हर दिए जाने की ख़बर आ रही है। पाकिस्तान के पत्रकारों की तरफ से किये जाने वाले दावे में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को कराची के अस्पताल में भर्ती बताया गया है।

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम को जहर देकर मारने की कोशिश

मीडिया रिपोर्ट्स में इस समय ये खबर चर्चा में है कि भारत के मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम को जहर देकर मारने की कोशिश की गई है।

इस सम्बन्ध में सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दाऊद इब्राहिम को कराची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ख़बरों के हवाले से ये जानकारी भी सामने आई है कि किसी अनजान शख्स ने दाऊद को जहर दिया है और इलाज के लिए वह अस्पताल में भर्ती है।

बताते चलें कि इससे पहले अप्रैल में भी दाऊद इब्राहीम को दिल का दौरा पड़ने की खबर आयी थाी। उस समय भी दाऊद की हालत काफी गंभीर बताई गई थी। दूसरी ओर छोटा शकील द्वारा दाऊद के बारे में ऐसी खबरों का खंडन किया गया था।

1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट का मास्टर माइंड और डी-कंपनी प्रमुख दाऊद इब्राहिम भारत से फरार है। बताया जाता है कि तीन दशक पहले दाऊद भारत छोड़कर दुबई चला गया था और उसने पाकिस्तान में अपना ठिकाना बना लिया। जहाँ वह अपने परिवार के साथ रहता है।

वर्ष 2003 में दाऊद को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2011 में एफबीआई और फ़ोर्ब्स की एक लिस्ट में उसे दुनिया का तीसरा मोस्ट वांटेड फरार अपराधी बताया गया था। भारत में दाऊद के खिलाफ आतंकी हमला सहित हथियारों की तस्करी, मर्डर, किडनैपिंग, सुपारी हत्या, संगठित अपराध जैसे कई मामले दर्ज हैं।

दाऊद इब्राहिम का जन्म महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में दिसंबर 1955 में हुआ था। दाऊद के पिता इब्राहिम कासकर पुलिस कांस्टेबल थे। रिपोर्ट के मुताबिक़ दाऊद का परिवार कुछ समय बाद मुंबई के डोंगरी इलाके में बस गया जहाँ 70 के दशक में दाऊद का नाम मुंबई के अंडरवर्ल्ड में तेजी से उभरने लगा था। दाऊद ने अपने गलत कामों की शुरुआत हाजी मस्तान गैंग में रहते हुए की और धीरे धीरे अपना प्रभाव बढ़ा लिया। दाऊद गैंग को बाद में डी कंपनी के नाम से जाना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *