मॉस्को में गोदाम में लगी आग, 17 लोगों की मौत

मॉस्को। मॉस्को के एक गोदाम में शनिवार सुबह लगी आग में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। रूसी प्रशासन ने यह जानकारी दी है।

तास संवाद समिति ने आपात मंत्रालय की स्थानीय शाखा के हवाले से बताया कि जब आग को बुझाया जा रहा था तो आग की लपटों में घिरा एक कमरा देखा गया। दमकल कर्मचारियों ने कमरे की दीवार तोड़ी और वहां 16 शव पाए।

fire in moscow

आपात विभाग के कर्मचारी अंतरराष्ट्रीय समयानुसार तड़के 5 बजे ही घटनास्थल पर आग बुझाने पहुंच गए थे। आग ने रूस की राजधानी के उत्तरी हिस्से में एक औद्योगिक क्षेत्र में करीब 200 वर्गमीटर इलाके में बने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था। सुबह 7 बजे आग पर काबू पा लिया गया। प्रशासन ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस सूत्र ने रूसी संवाद समितियों को बताया कि हादसे में मारे गए लोग संभवत: पूर्व सोवियत गणतंत्रों के प्रवासी मजदूर थे तथा यह गोदाम एक स्थानीय प्रिंटिंग कंपनी का है।

मॉस्को के मेयर सेर्गेई सोबीयानिन ने ट्विटर पर लिखा कि प्रशासन मामले की जांच करेगा। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह पता लगाने के लिए मामले की आपराधिक जांच शुरू की गई है कि कहीं यह आग आगजनी या लापरवाही का नतीजा तो नहीं है? (भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *