कासगंज में तीसरे दिन भी तनाव बरकरार, उपद्रवियों ने एक दुकान को लगाई आग

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज नगर कोतवाली क्षेत्र में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान दो गुटों के बीच हुई हिंसा के बाद शहर में तनाव बरकरार है और घटना के तीसरे दिन भी आज सुबह उपद्रवियों ने एक दुकान को आग लगा दी।

 

जिलाधिकारी आर पी सिंह ने बताया कि बाकरनेर इलाके में उपद्रवियों ने आटो की दुकान में आग लगा दी। सूचना के बाद आग को बुझा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि शहर में धारा 144 कड़ाई से लागू किया गया है। घटना के बाद से अब तक 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

 

कासगंज में अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट सेवा को आज रात तक के लिए बंद कर रखा है। जिले की सीमा सील हैं और किसी बाहरी व्यक्ति को शहर में आने की इजाजत नहीं है। शहर में तनाव अभी भी बरकरार है। गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस पर कोतवाली क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के दौरान बिलराम गेट पर समुदाय विशेष के लोगों में पथराव और फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक युवक की मृत्यु हो गई थी तथा एक घायल हो गया था।

 

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान कुछ अवांछनीय तत्वों ने आगजनी और तोडफ़ोड़ भी की थी। कल भी कई दुकानों और बसों को आग लगा दी गई थी।-एजेंसी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *