प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर के हर दिन बढ़ते विस्तार को देखते हुए अब एलडीए का दायरा बढ़ाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ विकास प्राधिकरण का दायरा पूरे लखनऊ जिले में बढ़ाया जाएगा। राजधानी के शहरी विस्तार को देखते हुए बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण बनेगा। मुख्यमंत्री ने अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं के विस्तार का भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के बाद अफसरों को इस संबंध में डिटेल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। जिससे लखनऊ के सीमावर्ती बाहरी क्षेत्रों में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों को नियोजित तरीके से विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए और साथ ही प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी आवश्यकतानुसार विस्तार करने के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मीडिया डरा साझा जानकारी में कहा गया है कि अधिकारियों के अनुसार साल 1974 में गठित एलडीए का 1999, 2009 और 2014 में विस्तार किया जा चुका है। इसके अधिकार क्षेत्र में इस समय नगर महापालिका क्षेत्र और 306 राजस्व ग्राम शामिल हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक़, यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं।
बीते एक दशक में इस क्षेत्र का निर्मित दायरा दोगुने से अधिक होने की भी जानकारी साझा की गई। रिपोर्ट के अनुसार साल 2015 में यह 1,962 हेक्टेयर (4.19 प्रतिशत) था, जो वर्ष 2020 में बढ़कर 2,656 हेक्टेयर (5.67 प्रतिशत) और वर्ष 2025 में 3,902 हेक्टेयर (8.33 प्रतिशत) हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस कॉरिडोर का एकीकृत नियोजन करते हुए आर्थिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने हर विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानरों की तैनाती प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने विकास प्राधिकरण बनने से यहां विकसित हो रहे इलाकों में सड़क और जल निकासी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं पर शुरू से ही ध्यान दिए जाने की बात कही।
