कॉप-31 का अंतिम समझौते पर सहमति बने ही समाप्त हो जाने से मिलने वाले संकेतों को चिंताजनक बताया जा रहा है। ऐसे में जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपायों पर वैश्विक सहमति बनाना अब पहले की तुलना में और भी मुश्किल नज़र आ रहा है।
तुर्की के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप31 में 200 देशों के बीच सहमति नहीं बन सकी और यह सम्मलेन बिना अंतिम घोषणा पत्र के समाप्त हो गया। इस विफलता को ग्लोबल वॉर्मिंग को सीमित करने के प्रयासों के लिए एक बड़ा झटका बताया जा रहा है।
करीब दो सप्ताह तक चलने वाला यह सम्मलेन निर्धारित समय सीमा से 48 घंटे अधिक चला। इस बीच कठिन वार्ताओं वाले दौर में लगभग 200 देशों के बीच असहमति के चलते सम्मेलन के समापन सत्र में किसी भी अंतिम दस्तावेज को मंजूरी नहीं मिली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पर्यवेक्षकों का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ताओं के इतिहास में यह पहली बार है जब जलवायु वित्त और उत्सर्जन कटौती सहित जीवाश्म ईंधनों के उल्लेख पर देशों के बीच मतभेद बरक़रार रहे।
डीडब्ल्यू की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, ऑस्ट्रेलिया द्वारा प्रस्तुत अंतिम मसौदे को सम्मेलन की सह-अध्यक्षता कर रहे तुर्की और यूरोपीय संघ सहित कई देशों के समूहों ने अस्वीकार कर दिया। इस मसौदे में जीवाश्म ईंधनों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने का स्पष्ट उल्लेख नहीं था, जिसे लेकर कई देशों और पर्यावरण संगठनों ने कड़ा विरोध जताया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए चिंताजनक
वर्तमान में जहाँ दुनिया हर दिन बढ़ती गर्मी, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रही है, ऐसे में जलवायु कार्रवाई पर इस तरह की अंतरराष्ट्रीय असहमति को चिंता का विषय माना जा रहा है।
अंर्तराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, कॉप31 सम्मेलन के अध्यक्ष और तुर्की के पर्यावरण मंत्री मुरात कुरुम ने समापन सत्र में स्वीकार किया कि प्रस्तावित अंतिम दस्तावेज को आवश्यक समर्थन नहीं मिल मिलने के कारण पारित नहीं कराया जा सकता।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यूरोपीय संघ ने इस मसौदे पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। अंतिम मसौदे की आलोचना करते हुए यूरोपीय संघ के अध्यक्ष आयरलैंड के जलवायु मंत्री डेराग ओ ब्रायन ने कहा कि ऐसा जलवायु समझौता स्वीकार्य नहीं हो सकता जिसमें जीवाश्म ईंधनों का कोई जिक्र ना हो और उनसे दूर जाने की योजना भी शामिल ना हो।
यूएन जलवायु वार्ताओं के इतिहास का सबसे लंबा सम्मेलन
अंताल्या में प्रतिनिधियों ने दो सप्ताह तक लगातार चर्चाएं की। बताया जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ताओं के इतिहास में इस साल का सबसे लंबा सम्मेलन बन गया है। अभी तक मैड्रिड में 2019 में आयोजित कॉप-25 को सबसे लंबा सम्मेलन माना जाता था।
साझा रास्ता निकालने का प्रयास
यूरोपीय संघ सहित कई छोटे द्वीपीय देशों, अफ्रीकी और लैटिन अमरीकी देशों के अलावा कम विकसित देशों को मिलकर करीब 130 से अधिक देशों के समूह ने समझौते के लिए एक साझा रास्ता निकालने की कोशिश की। वैसे तो यूएन जलवायु प्रक्रिया में सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं मगर कुछ देशों का विरोध भी प्रभावी रूप से वीटो साबित हुए और बात न बन सकी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 30 देशों के समूह ने जीवाश्म ईंधनों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की बात कही या उनका समर्थन किया। वहीं यूरोपीय संघ सहित 13 देशों ने बिजली नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाली शक्तिशाली ग्रीनहाउस गैस सल्फर हेक्साफ्लोराइड (एसएफ6) के उपयोग को सीमित करने पर ज़ोर दिया।
क्षेत्रों में कामयाबी दर्ज की गई
रिपोर्ट्स से पता चलता है कि अंतिम समझौता भले ही न हो सका हो मगर सम्मेलन के दौरान कुछ क्षेत्रों में कामयाबी दर्ज की गई है। इसके अलावा कई देशों ने तुर्की के उस प्रस्ताव का समर्थन किया जिसमे ऊर्जा क्षेत्र में उत्सर्जन कम करने में सहयोग की बात कही गई और जिसके तहत 2035 तक वैश्विक अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी को लगभग 23 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।
मसौदे से जताई नाराजगी
अंतिम मसौदे का विरोध करने वाले जर्मनी के पर्यावरण मंत्री कार्स्टेन श्नाइडर ने इस मसौदे को ऐसी व्यवस्था का समर्थन बताया जो जलवायु कार्रवाई को कमजोर करे। अपनी दलील में कहा कि 10 पन्ने का यह दस्तावेज जलवायु संकट से पैदा हुए खतरे का पर्याप्त जवाब नहीं देता। आगे उन्होंने यह भी कहा कि यह पहले लिए गए फैसलों की तुलना में पीछे जाने जैसा है।
प्रमुख विवादों में शामिल रहा जलवायु वित्त का मुद्दा
जलवायु वित्त के मुद्दे पर विकासशील देशों की ओर से विवाद देखने को मिला। कई देशों का आरोप था कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए समृद्ध राष्ट्र वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के प्रति लापरवाही बारात रहे हैं। साथ ही जलवायु अनुकूलन के लिए प्रस्तावित 120 अरब डॉलर के लक्ष्य को अंतिम दस्तावेज में जगह न दिए जाने पर भी नाराजगी दिखी।