धरती को बचाने की मुहिम में जलवायु कार्यकर्ताओं ने इस बार निराला अंदाज़ अपनाया है। तुर्कीये के अन्ताल्या में कॉप31 सम्मेलन के दौरान ये कार्यकरता ‘महत्वाकाँक्षा’ (ambition) नाम की एक लापता बिल्ली की तलाश करते नज़र आ रहे हैं।
जलवायु कार्यकर्ताओं ने एक गम्भीर चिन्ता के साथ इस सन्देश को सामने रखा है। सम्भावित जलवायु समझौते के नए मसौदे में जीवाश्म ईंधन से दूर हटने के उल्लेख को हटा दिया गया है।
शुक्रवार को कॉप31 सम्मेलन के समापन से पहले जहाँ नागरिक समाज ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं मंत्रीगण और कॉप31 अध्यक्ष किसी सहमति पर पहुँचने में जुटे हैं। गुरूवार की सुबह अन्ताल्या में जलवायु कार्यकर्ताओं ने कॉप31 आयोजन स्थल के बाहर लापता बिल्लियों के मुड़े-तुड़े पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया। एक पोस्टर में गुलाबी पट्टे वाली हरी आँखों की बिल्ली थी, जबकि दूसरे में हल्की नारंगी, भूरे रंग की धारियों वाली।
कार्यकर्ताओं ने दोनों का नाम महत्वाकाँक्षा (ambition) रखा गया था, और ज़ाहिर तौर पर, दोनों फिर से लापता हो गई थीं। इन पोस्टर के साथ कुछ सुराग भी दिए गए थे। जैसेकि “एम्बिशन” को 1.5°C तापमान वृद्धि की सीमा का उल्लंघन करना बिल्कुल पसन्द नहीं है, उसे जीवाश्म ईंधनों (कोयला, तेल, गैस) से दूर जाने की प्रक्रिया पसन्द है, और वह जलवायु न्याय के प्रति सम्वेदनशील है।
यूएन रिपोर्ट में, ‘इकोलोजिया वाई देसारोलो फ़ाउंडेशन’ की फ़िलिपीन मेनाजेर ने यूएन न्यूज़ के साथ एक बातचीत में इस मुहिम के बारे में बताया, “फ़िलहाल, इस कॉप में हमारे पास महत्वाकाँक्षा की कमी है।”
रिपोर्ट में कहा गया है कि ये बिल्लियाँ तभी घर लौटेंगी, जब जीवाश्म ईंधनों से दूर जाने के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मुहिम कॉप29 में शुरू की गई थी और ऐसा लगता है कि तभी से ‘एम्बिशन’ लगातार ग़ायब होती रही है।
विचार-विमर्श की एक रचनात्मक शैली
वैसे बिल्लियाँ अकेली नहीं हैं, जिन्हें अपनी मनचाही चीज़ ढूंढ़ने में कठिनाई हो रही थी। कॉप31 सम्मेलन के अध्यक्ष मूरत कुरुम ने गतिरोध तोड़ने के प्रयास में बुधवार शाम को मंत्रियों को एक ‘दिवान’ (Divan) के लिए एकत्र किया, जोकि ओटोमन साम्राज्य के दौरान की परम्परा से प्रेरित राजनीतिक विचार-विमर्श की एक शैली है। कुछ लोगों ने इसे रचनात्मक बताया, जबकि जलवायु परिवर्तन की दृष्टि से सम्वेदनशील देशों के मंत्रियों ने कहा कि बहुत कम प्रगति हुई है।
नवीनतम मसौदा ‘कवर डिसीज़न’ जारी
गुरूवार दोपहर को शिखर सम्मेलन के राजनीतिक समझौते का नवीनतम मसौदा जारी किया गया, जिसे ‘कवर डिसीज़न’ (Cover Decision) के नाम से जाना जाता है। इस मसौदे में जीवाश्म ईंधनों से दूर जाने का स्पष्ट उल्लेख हटा दिया गया है।
ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी को बढ़ाना
इसके बजाय, इस दस्तावेज़ में स्वच्छ ऊर्जा और विद्युतीकरण पर जोर दिया गया है, जिसमें तुर्कीये द्वारा प्रस्तावित 35X35 लक्ष्य को भी शामिल किया गया है। इसके तहत, वर्ष 2035 तक ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 35 प्रतिशत करना है।
वित्तीय संसाधनों की व्यवस्थाजलवायु अनुकूलन के लिए वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था के मामले में वर्ष 2035 तक धनराशि को तीन गुना करने के लक्ष्य का फिर समर्थन किया गया है, लेकिन इस वृद्धि की गणना कैसे की जाएगी, जैसे विवरणों को आगे की चर्चा के लिए छोड़ दिया गया है।
इस दस्तावेज़ को प्रस्तुत करने के लिए आयोजित प्रैस वार्ता में सह-अध्यक्ष ऑस्ट्रेलिया के क्रिस बोवेन ने कहा कि कॉप31 पहला जलवायु सम्मेलन होगा, जिसमें यह स्वीकार किया जाएगा कि पेरिस समझौते में निर्धारित 1.5°C की तापमान वृद्धि को रोकने में दुनिया विफल रहेगी.
“लेकिन हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि कॉप31 को इस बात के लिए याद न किया जाए, बल्कि इसे ऐसे सम्मेलन के रूप में याद किया जाए, जिसने स्पष्ट और दृढ़ता से यह निर्णय लिया कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है.”
उन्होंने विचार-विमर्श को निरन्तर जारी रखने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि, “जब तक हम आम सहमति पर नहीं पहुँच जाते, हम अन्ताल्या के इन वार्ता-कक्षों को नहीं छोड़ेंगे.” मगर, जैसे-जैसे शुक्रवार की समयसीमा नज़दीक आ रही है, नागरिक समाज संगठनों का धैर्य जवाब देने लगा है.
मिली-जुली तस्वीर
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट ने वैश्विक जलवायु कार्रवाई की अपेक्षाकृत उत्साहजनक, हालांकि अधूरी तस्वीर पेश की है.
‘ग्लोबल क्लाइमेट एक्शन एजेंडा’ के अन्तर्गत जलवायु सम्बन्धी स्वैच्छिक समाधानों को आगे बढ़ाने के लिए सरकारें, व्यवसाय, शहर और नागरिक समाज एक साथ मिलकर प्रयास करने के लिए जुटते हैं. इसकी ‘ईयरबुक’ वैश्विक प्रगति पर नज़र रखती है और धीमी रफ़्तार वाले क्षेत्रों की पहचान की जाती है।
नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, 96 संकेतकों में से 44 सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जबकि 19 में कोई प्रगति नहीं हुई है और 33 के आकलन के लिए पर्याप्त आँकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
2024 और 2025 के दौरान, नवीकरणीय ऊर्जा की क्षमता में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, लेकिन ऊर्जा दक्षता में सुधार आवश्यक स्तर से नीचे ही रहा है. अनुकूलन प्रयासों के लिए वित्तीय संसाधन, 2022 में 81.5 अरब डॉलर से घटकर 2024 में 64.1 अरब डॉलर ही रह गई।
गुरूवार को एक उच्चस्तरीय कार्यक्रम में कॉप31 की अध्यक्षता कर रहे प्रतिनिधिमंडल ने विद्युतीकरण से जुड़ा एक पैकेज प्रस्तुत किया, जिसका उद्देश्य तुर्कीये 35X35 पहल को समर्थन देना था. इसके तहत, वर्ष 2035 तक वैश्विक ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 35 प्रतिशत करना है।
इस पैकेज में 150 से अधिक देशों और योरोपीय संघ, 37 शहरों और 260 से अधिक व्यवसायों से जुड़ी गतिविधियों को एक साथ लाया गया है। इनमें बिजली ग्रिड का विस्तार करने से लेकर परिवहन और उद्योगों का विद्युतीकरण करना है।
जिन उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया, उनमें 2025 में 21 हज़ार किलोमीटर से अधिक बिजली ग्रिड का निर्माण और बिजली ग्रिड, नवीकरणीय ऊर्जा व ऊर्जा भंडारण के लिए 156 अरब डॉलर की वार्षिक निवेश योजनाएं हैं।