स्विट्जरलैंड की ‘सॉफ्ट रोबोटिक्स लैब’ के शोधकर्ताओं ने एक रोबोटिक हाथ तैयार किया है। इसकी खूबी की बात करें तो अलग-अलग सतहों पर चलने के अलावा, यह रोबोट गिरने के बाद खुद उठ सकता है, चीजों को धकेल सकता है और कीबोर्ड का इस्तेमाल भी कर सकता है।
ईटीएच ज्यूरिख की ‘सॉफ्ट रोबोटिक्स लैब’ द्वारा विकसित यह रोबोटिक हाथ बिना किसी बाहरी सहारे के अपनी उंगलियों के बल चल सकता है। इस रोबोटिक हाथ की तुलना पॉप कल्चर के मशहूर किरदार ‘थिंग’ (Thing) से की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पारंपरिक प्रोग्रामिंग का इस्तेमाल करने के बजाय, शोधकर्ताओं ने रोबोट को चलना सिखाने के लिए ‘मशीन लर्निंग’ और कंप्यूटर सिमुलेशन का उपयोग किया। इससे रोबोट खुद को संतुलित करना और अपनी उंगलियों के बीच तालमेल बिठाना सीख गया।
इस शोध का मुख्य उद्देश्य रोबोट की अनुकूलन क्षमता (adaptability) को बढ़ाना है, ताकि छोटे और लचीले रोबोट तंग या मुश्किल जगहों पर भी काम कर सकें। लैब के डॉक्टोरल छात्र अमीर हुसैन काज़ेमी बताते हैं कि बिना किसी बाहरी सहारे के चलने की खूबी ही इस रोबोटिक हाथ को अनोखा बनाती है।
इसे जुड़े जारी किए गए एक वीडियो में बताया गया है, “एक रोबोटिक हाथ को चलाना वास्तव में काफी मुश्किल काम है; क्योंकि इसकी सभी उंगलियां एक जैसी नहीं होतीं, इसलिए इसे अपना संतुलन बनाए रखते हुए उंगलियों के बीच तालमेल बिठाना सीखना पड़ता है।”
ईटीएच ज्यूरिख के असिस्टेंट प्रोफेसर रॉबर्ट कैट्ज़मैन का कहना है कि यह देखने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन इससे एक बहुत महत्वपूर्ण सीख मिलती है। उनके अनुसार, अलग-अलग कामों के लिए रोबोट बनाए जा सकते हैं।
इसके आकर में छोटा होने और कार्यप्रणाली पर प्रोफेसर रॉबर्ट कहते हैं, ‘एक बड़ा रोबोट शायद किसी खास तरह के माहौल के लिए सही हो, जबकि एक छोटा रोबोटिक हाथ बिल्कुल अलग जगहों पर जा सकता है—ऐसी जगहें जो बहुत तंग और चुनौतीपूर्ण होती हैं।”