सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना ‘जय हिंद’ रिलीज हो गया है। यह फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ पर आधारित है और इस साल इसमें कई अहम बदलाव किए गए हैं।
गाने में सलमान खान को बड़े ही जोशीले अंदाज में देखा जा सकता है। फिल्म के नए और संशोधित वर्जन को इस महीने की शुरुआत में ही सूचना और प्रसारण मंत्रालय से ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ मिल चुका है, जिससे इसकी रिलीज का रास्ता साफ है।
सलमान भारतीय जवान की वर्दी में हैं। ‘जय हिंद’ सांग को समीर अंजान ने लिखा है जबकि इस गाने को स्टेबिन बेन ने अपनी आवाज दी है। हिमेश रेशमिया के संगीत ने इसे और भी दमदार बनाया है। हालांकि, इसकी रिलीज की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
इस गाने को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सलमान खान ने लिखा ‘अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम, सम्मान और देशभक्ति दिखाने के लिए 365 दिनों में से केवल 2 दिन काफी नहीं हैं। साल भर होना मंगता है दोस्त। ये रहा आपके लिए जय हिंद का लिरिकल कट। उम्मीद है आपको पसंद आएगा। अगर नहीं, तो हिमेश और स्टेबिन का इंस्टा या एक्स हैंडल तो होगा ही, है ना?’
इसमें सलमान खान एक भारतीय सेना अधिकारी के रूप में एक्शन करते नजर आ रहे हैं, जो अपने सैनिकों को युद्ध के लिए तैयार कर रहे हैं। वीडियो में फिल्म से सलमान खान के क्लिप्स के साथ कई भारतीय भाषाओं में गाने का शीर्षक भी दिखाया गया है।
देशभक्ति का जोश जगाते गाने के विजुअल के साथ इसके बोल और संगीत भी दिल को छू लेने का असर रखते हैं। सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ काफी समय से चर्चा में थी। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमा खान ने प्रोड्यूस किया है। सलमान खान के साथ इसमें चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं।
थीम की बात करें तो यह गाना देश के सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग और समर्पण को समर्पित है। पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था, जिसे इस साल की शुरुआत में बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया।