किन देशों में सबसे ज़्यादा खाना बर्बाद होता है और इस बर्बादी को कैसे कम करें

दुनिया भर में परोसी जाने वाली हर पाँच प्लेट खाने में से लगभग एक प्लेट कचरे के डिब्बे में चली जाती है। इस तरह एक अरब टन से ज़्यादा खाना सालाना बर्बाद होता है।


इस ‘विश्व खाद्य दिवस’ (16 अक्टूबर) पर 645 मिलियन लोग भूखे हैं जबकि हर साल एक अरब टन से ज़्यादा खाना बर्बाद हो जाता है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 2025 में 645 मिलियन लोग यानी दुनिया की आबादी में से हर 13 में से एक व्यक्ति भूखा रहा।

इस धरती पर अफ्रीका वह जगह है जहाँ भूखे लोगों की संख्या सबसे ज़्यादा है। यह इस महाद्वीप के हर पाँच में से एक व्यक्ति है और दुनिया भर के भूखे लोगों का लगभग आधा हिस्सा है। इसकी तुलना में एशिया में 292 मिलियन लोग (कुल आबादी का 6 प्रतिशत) और लैटिन अमेरिका तथा कैरिबियन में 32 मिलियन लोग (4.8 प्रतिशत) कुपोषण के शिकार थे। अफ्रीका में 2025 में लगभग 309 मिलियन लोग कुपोषण का शिकार थे।

16 अक्टूबर को मनाए जाने वाले ‘विश्व खाद्य दिवस’ का मुख्य फोकस इसी अंतर पर है। यह दिन 1945 में ‘खाद्य और कृषि संगठन’ (FAO) की स्थापना की याद में हर साल मनाया जाता है। इस साल की थीम है—”आज नवाचार करें, कल को पोषण दें” (Innovate today, nourish tomorrow)। इसका मकसद ऐसी खाद्य प्रणालियाँ बनाना है, जिनसे ज़्यादा लोगों को खाना मिल सके और बर्बादी कम हो।

अल जज़ीरा ने दुनिया भर में भूख की समस्या और सबसे ज़्यादा खाना बर्बाद करने वाले देशों और घर पर बर्बादी कम करने के आसान तरीकों पर से जुड़ी रिपोर्ट प्रकाशित की है।

आंकड़े बताते हैं कि लगातार तीसरे साल वैश्विक स्तर पर भूख की समस्या में कमी आई है लेकिन यह अभी भी कोविड महामारी से पहले के स्तर से ऊपर है। संयुक्त राष्ट्र की ‘स्टेट ऑफ़ फ़ूड सिक्योरिटी एंड न्यूट्रिशन इन द वर्ल्ड’ रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में लगभग 645 मिलियन लोग यानी दुनिया की आबादी का 7.8 प्रतिशत भूख का सामना कर रहे थे। यह 2024 के 8.1 प्रतिशत और 2022 के 8.6 प्रतिशत (जो कि सबसे ऊँचा स्तर था) से तो कम है, लेकिन 2019 की तुलना में अभी भी लगभग 61 मिलियन ज़्यादा लोग हैं।

सबसे ज़्यादा भूखे लोग कहाँ हैं?
2026 का ‘ग्लोबल हंगर इंडेक्स’ देशों के स्तर पर भी कुछ ऐसा ही पैटर्न दिखाता है। यह सूचकांक देशों को 100 में से अंक देता है, जिसमें कुपोषण के साथ-साथ बच्चों के कम कद (स्टंटिंग), कम वजन (वेस्टिंग) और बाल मृत्यु दर को शामिल किया जाता है। 35 या उससे अधिक के स्कोर को चिंताजनक माना जाता है।

आठ देशों में भुखमरी की स्थिति चिंताजनक है जिनमें से सात देश अफ्रीका में हैं। सूचकांक में शामिल 122 देशों में सोमालिया का स्कोर सबसे खराब है। इसके बाद डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, चाड और मेडागास्कर का नंबर आता है। सूडान, दक्षिण सूडान, बुरुंडी और यमन की स्थिति भी चिंताजनक है, लेकिन संघर्ष और डेटा की कमी के कारण इन देशों का स्कोर नहीं निकाला जा सका।

रिपोर्ट से यह जानकारी भी मिली कि दुनिया भर में पैदा होने वाले भोजन का एक बड़ा हिस्सा कभी लोगों की थाली तक पहुँच ही नहीं पाता। खेत से थाली तक पहुँचने के सफर में हर चरण पर भोजन का नुकसान उसे बर्बाद करता है।

खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, दुनिया भर में उत्पादित भोजन का लगभग 13 प्रतिशत हिस्सा फसल कटाई के बाद और दुकानों तक पहुँचने से पहले ही खराब हो जाता है। यह बर्बादी स्टोरेज, परिवहन और प्रोसेसिंग के समय होती है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान फलों और सब्जियों का होता है। एफएओ के अनुसार, दुकानों तक पहुँचने से पहले बर्बाद होने वाले भोजन का मूल्य हर साल 400 अरब डॉलर से भी अधिक है।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के अनुसार, दुकानों, रेस्तरां और घरों में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध भोजन का लगभग पांचवां हिस्सा यानी 2022 में लगभग 1.05 अरब टन बर्बाद कर दिया जाता है। यह मात्रा 52.5 मिलियन ट्रकों के बराबर है, जिनमें से प्रत्येक में 20 टन भोजन आ सकता है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा (60 प्रतिशत) घरों का है। इसके बाद रेस्तरां और अन्य खाद्य सेवाओं (28 प्रतिशत) तथा दुकानों (12 प्रतिशत) का नंबर आता है।

घर पर भोजन की बर्बादी कम करने के लिए-
भोजन की सबसे अधिक बर्बादी घरों में होती है, जिसका अर्थ है कि घर के स्तर पर किए गए प्रयास बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

खरीदारी से पहले योजना बनाएँ और एक लिस्ट लेकर ही खरीदारी करने जाएँ, ताकि ज़रूरत से ज़्यादा सामान न खरीदा जाए।
डेट लेबल को समझें और खरीदारी के समय ‘बेस्ट बिफोर’ का ख्याल रखें। अक्सर “बेस्ट बिफोर” डेट निकल जाने के बाद भी खाना खाने के लिए सुरक्षित होता है।
खाने को सही तरीके से स्टोर करें। फ्रिज का तापमान 5°C (41°F) या उससे कम रखें। फलों और सब्जियों को ऐसी जगह रखें जहाँ वे लंबे समय तक ताज़ा रहें।
फ्रीज़र का इस्तेमाल करें: ब्रेड, पका हुआ खाना, मांस और कई तरह के फलों और सब्जियों को खराब होने से पहले फ्रीज़र में रखा जा सकता है।
सही मात्रा में खाना बनाएँ। इसके लिए चीज़ों को नाप-तोल कर पकाएँ, ताकि बचा खाना फेंकना न पड़े।
पहले पुराना खाना खाएँ ताकि नई चीज़ों से पहले उनका इस्तेमाल हो सके।
बचे हुए खाने से नए व्यंजन बनाएं और सब्जियों के छिलके और डंठल का इस्तेमाल सूप और स्टॉक बनाने में करें।
छिलके और अंडे के छिलके जैसे न खाने योग्य हिस्सों को खाद में बदलने से वे लैंडफिल में जाने से बचते हैं, जहां सड़ते हुए भोजन से मीथेन गैस निकलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *