दुनिया की पहली एआई हॉरर फिल्म ‘जमलोक’ का पोस्टर सामने आया

बॉलीवुड की फीचर फिल्मों में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने अपनी जगह मज़बूत करते हुए एक और क़दम आगे बढ़ा लिया है। फिल्म में एआई तकनीक के साथ वास्तविक कलाकारों के अभिनय का संयोजन देखने को मिलेगा।दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में शनिवार को आयोजित ‘अनकैनी इंडिया’ फेस्टिवल में फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया।

दुनिया की पहली एआई हॉरर फिल्म ‘जमलोक’ का पहला पोस्टर जारी हो गया है। इसे बनाने के लिए एआई फिल्म निर्माण कंपनी कोयल और ‘मस्ती 4’ का निर्माण कर चुकी वेवबैंड प्रोडक्शन के बीच करार हुआ है। ‘जमलोक’ के पोस्टर का रिलीज होना इस बात का संकेत है कि भविष्य में फिल्म निर्माण की दुनिया में कैमरे और कंप्यूटर के बीच की दूरी और कम हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस फिल्म को कई भाषाओं में बनाने की योजना है। इसके लिए बॉलीवुड सहित साऊथ के प्रमुख कलाकारों को लेने के लिए बातचीत चल रही है। खास बात यह है कि फिल्म में वास्तविक कलाकारों के अभिनय के साथ AI तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बैकग्राउंड, सेट, अतिरिक्त किरदारों, कॉस्ट्यूम और अन्य विजुअल आदि का निर्माण किया जाएगा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी का कहना है कि ‘जमलोक’ को करीब तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कोयल के सह-संस्थापक और सीईओ मेहुल अग्रवाल ने कहा कि ‘जमलोक’ दुनिया की पहली एआई हॉरर फिल्म होगी। उन्होंने बताया कि भावनात्मक दृश्यों में वास्तविक कलाकारों के अभिनय को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि फिल्म की दुनिया को विस्तार देने वाले कई तकनीकी और विजुअल तत्व एआई के सहयोग से तैयार किए जाएंगे।

‘जमलोक’ के हवाले से जानकारों का मानना है कि यह भारतीय सिनेमा में एआई आधारित फिल्म निर्माण के लिए एक नया रास्ता खुल सकता है। हालांकि, इसके साथ कलाकारों की भूमिका, कॉपीराइट, डिजिटल पहचान, रचनात्मक अधिकार और एआई से जुड़े नैतिक सवाल भी महत्वपूर्ण बने रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *