भारत से ऑस्कर 2027 के लिए मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को मिली ऑफिशियल एंट्री

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने बीते दिन ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री का एलान कर दिया है। भारत की आधिकारिक एंट्री के लिए मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए चुना गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया की जूरी ने इस साल आने वाली 33 फिल्मों में से संतोष डावखर की इस फिल्म का चयन किया। फिल्म के निर्देशक संतोष डावखर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने ‘गोंधल’ के पोस्टर वाली एक क्रिएटिव इमेज शेयर की, जिस पर लिखा था, ‘हुर्रे! क्या खबर है। गोंधल टीम के लिए।’

बताते चलें कि ‘गोंधल’ पहले ही फिल्म फेस्टिवल सर्किट में पहचान बना चुकी है। इसके निर्देशक संतोष डावखर ने 56वें ​​इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में ‘बेस्ट डायरेक्टर’ का ‘सिल्वर पीकॉक’ अवॉर्ड जीता है।

भारत की ऑफिशियल एंट्री के के लिए कमिटी ने 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए 33 फिल्मों पर विचार किया। चयन समिति के अध्यक्ष पी शेषद्रि ने मीडिया को बताया कि सबमिशन में कई भारतीय भाषाओं की फिल्में शामिल थीं, जिनमें से 14 फिल्में हिंदी भाषा की थीं। इनमें मराठी, तेलुगु और गुजराती भाषाओं से चार-चार फिल्में थीं, जबकि तमिल से तीन फिल्में थीं। मलयालम और नागामीज भाषाओं से एक-एक फिल्म के साथ एक मूक फिल्म भी थी।

इस रेस में जो 33 फिल्में थीं, उनमें मैं वापस आऊंगा, बॉर्डर 2 और धुरंधर जैसी फिल्में भी शामिल थी। लिस्ट में पेड्डी, हक, 120 बहादुर, गांधी टॉक्स, इक्कीस, हनुमान अंश, भमार्डो, डग डग, सिंग गीतम, तेरा मेरा नाता, लडू, ओह माय डॉग, गोंधल, बालन द बॉय, देउल बैंड 2, तिघी, इरुमुदी, डोरोथी, खूंटा, बाइसन कालामादान, शेप ऑफ मोमो, गवर्नर, 2020 दिल्ली, कमांडो विन लव स्टोरी, प्रवास, मन आठले मनातले, ऑब्सेस, एगवा, अनघ भी थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ऑस्कर के लिए चुनी जाने वाली चौथी मराठी फिल्म ‘गोंधल’ से पहले कोर्ट (2015), हरिश्चंद्राची फैक्ट्री (2009) और श्वास (2005) को चुना जा चुका है। गौरतलब है कि कोई भी भारतीय फिल्म ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी, जिसे पहले ‘बेस्ट फॉरेन फिल्म’ कैटेगरी के नाम से जाना जाता था में जीत हासिल नहीं कर पाई है। इस कैटेगरी में केवल तीन भारतीय फिल्मों को नॉमिनेशन मिला है। इनमें महमूद खान की मदर इंडिया, मीरा नायर की सलाम बॉम्बे और आशुतोष गोवारिकर की लगान का नाम आता है। बताते चलें कि दीपा मेहता की फिल्म वॉटर को नॉमिनेशन मिला था मगर इसे कनाडा से भेजा गया था।

‘गोंधल’ फिल्म नवंबर 2025 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को समीक्षकों से सकारात्मक समीक्षाएं मिली थीं। संतोष डावखर द्वारा निर्देशित और लिखित इस फिल्म में महाराष्ट्र के ग्रामीण जीवन को दिखाया गया है। यह एक थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी आधी रात को होने वाली पारंपरिक रस्म के इर्द-गिर्द घूमती है। इस फिल्म में इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, किशोर कदम, सुरेश विश्वकर्मा, निषाद भोईर, अनुज प्रभु और विट्ठल काले ने अभिनय किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *