जहां दुनिया भर में महिलाएं अपनी पलकों को लंबा और घना बनाने के लिए कई तरह के जतन करती हैं। कई कुदरती उपचार के साथ पलकें लंबी करने के लिए मस्कारा और नकली पलकों की मदद ली जाती है। वहीं अब एक अनोखा और हैरान करने वाला ट्रेंड भी सामने आया है, जिसमें पुरुष अपनी नैचुरल लंबी पलकों को कैंची से काटकर छोटा कर रहे हैं।
यह ट्रेन बीते कई महीनों से चलन में है। इस दिलचस्प ट्रेंड को अपनाने वाले पुरुषों का मानना है कि लंबी और कर्ल की हुई पलकें चेहरे के मैस्कुलिन फीचर्स को कम करती हैं। उनके अनुसार, पलकों को छोटा और सीधा करने से आंखें ज़्यादा गंभीर और ‘मैस्कुलिन’ दिखती हैं।
टिकटॉक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों पर कई पुरुष अपनी पलकें काटते हुए खुद के वीडियो शेयर करते रहे हैं। साथ ही यह लोग दूसरों को भी ऐसा करने की सलाह दे रहे हैं, जिसने न केवल इंटरनेट यूजर्स को हैरान किया है, बल्कि इस पर एक नई बहस भी छेड़ दी है।
वहीँ इस ट्रेंड को लुक्समैक्सिंग (looksmaxxing) से जोड़कर भी देखा जा रहा है। इंटरनेट की भाषा में लुक्समैक्सिंग का मतलब अपनी शारीरिक बनावट और अपीयरेंस को बेहतर दिखाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस संबंध में एक्सपर्ट्स की राय को भी नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता है। इन लोगों का मानना है कि पलकें सिर्फ सुंदरता के लिए नहीं होतीं, बल्कि आंखों को धूल, गंदगी और इंफेक्शन से बचाने के लिए एक नैचुरल डिफेंस सिस्टम हैं। इन्हें काटने से आंखों को गंभीर नुकसान हो सकता है और कैंची से आंख में चोट लगने का भी खतरा रहता है।