चीनी इंजीनियरों ने बनाया ऐसा एलिवेटर कि पहाड़ भी बच्चों की पढ़ाई का रास्ता नहीं रोक सका

चीन के पहाड़ी इलाके में बसे एक गांव के बच्चों को रोज़ाना स्कूल जाने के लिए खतरनाक पहाड़ी ढलानों पर घंटों चलना पड़ता था, जिसे हल करने के लिए वहां के एडमिनिस्ट्रेशन ने इंजीनियरिंग का एक शानदार नमूना बनाया है।

दक्षिण-पश्चिम चीन के निझुहे गाँव में रहने वाले बच्चों के लिए, स्कूल जाना पहले सिर्फ़ घर से निकलने भर की बात नहीं थी। यह गाँव निझु नदी की गहरी घाटी (ग्रैंड कैन्यन) में बसा है, जहाँ ऊँची चट्टानें और पहाड़ों के संकरे रास्ते का सफर इन बच्चों और यहाँ के स्थानीय लोगों के लिए एक कांटों भरी राह की तरह था।

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह 288 मीटर ऊंचा (लगभग 945 फ़ीट) एलिवेटर पहाड़ के किनारे लगाया गया है, जो बच्चों को कुछ ही समय में पहाड़ की चोटी से नीचे और वापस ले जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इन लोगों को स्कूल पहुँचने के लिए तीन घंटे का खतरनाक पहाड़ी सफ़र तय करना पड़ता था। नई लिफ़्ट और उससे जुड़ी ट्रांसपोर्ट सुविधाओं की वजह से, अब उनका कुल सफ़र घटकर लगभग 30 मिनट का रह गया है।

पहाड़ी रस्ते में इस एलिवेटर के बनाए जाने से पहले बच्चों और वहां के लोगों को स्कूल या मार्केट जाने के लिए घंटों ऊपर-नीचे चलना पड़ता था, जिससे कई तरह के हादसों का खतरा लगातार बना रहता था। हालांकि, अब यह सफर बहुत आरामदायक और सुरक्षित हो गया है।

गौरतलब है कि यह नई लिफ़्ट तेज़ और ज़्यादा जगह वाली है, साथ ही इससे इलाके में आने वाले पर्यटकों की वजह से होने वाली इंतज़ार की समय-सीमा को कम करने में भी मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *