देश इस 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ और ‘विकसित भारत@2047 के लिए युवा शक्ति’ की थीम पर केंद्रित होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करेंगे। समारोह में करीब पांच हज़ार विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, सोमवार को रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने समारोह की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों भारतीयों को प्रेरित करने वाले राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का लाल किले की प्राचीर से पहली बार गायन किया जाएगा।
वंदे मातरम् की आकृति फूलों से बनाई जाएगी
एनसीसी के ढाई हज़ार कैडेट्स तथा ‘माई भारत’ के स्वयंसेवक लाल किले की प्राचीर के सामने ज्ञानपथ पर फूलों से ‘वंदे मातरम्’ की आकृति बनाएंगे। भारतीय वायु सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बैनर लेकर उड़ान भरेगा और लाल किले पर मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा करेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, देशभर में ‘वंदे मातरम्’ की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने के लिए 8 अगस्त से सैन्य और अर्धसैनिक बलों के बैंड की प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। 15 अगस्त तक देश के 343 प्रमुख स्थानों पर सेना, नौसेना, वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल, एनसीसी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, बीएसएफ, एकीकृत रक्षा स्टाफ, आरपीएफ और असम राइफल्स के बैंड प्रस्तुति देंगे। जनता के लिए प्रवेश इन कार्यक्रमों में खुला रखा गया है
स्वतंत्रता दिवस समारोह का केंद्र होगी युवा शक्ति
‘युवा शक्ति’ को इस वर्ष के समारोह में विशेष सम्मान दिया जाएगा साथ ही विकसित भारत@2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया जाएगा। इंटरनेशनल फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमेटिक्स ओलंपियाड-2026 में पदक जीतने वाले 19 छात्रों को समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। ये छात्र लाल किले की प्राचीर पर बैठकर स्वतंत्रता दिवस समारोह के साक्षी बनेंगे।