रेणु धरियाल अपनी ख़ास देखभाल के साथ इस समय 8 फीट 10 इंच लंबे बालों की मालकिन हैं। यह इतिहास के सबसे लंबे इंसान से मात्र एक इंच छोटे हैं। एक युट्यूबर के रूप में रेणु इन बालों से जुड़े अपने ब्यूटी सीक्रेट भी शेयर करती हैं।
उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली रेणु धरियाल का नाम उनके लंबे बालों की बदौलत गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। रेणु के इन काली घटा जैसे सुंदर बालों की लंबाई 271.50 सेमी यानी 8 फीट 10 इंच है।
बालों की इस लंबाई के साथ रेणु को ‘सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला’ का खिताब मिल गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ रेणु ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा (257.33 सेमी) का रिकॉर्ड तोड़कर यह स्थान पाया है।
बताते चलें कि रेणु के बालों की लंबाई, इतिहास के सबसे लंबे इंसान रॉबर्ट वाडलो से बस कुछ ही कम है। रॉबर्ट वाडलो की लंबाई 272 सेमी यानी 8 फ़ीट 92 इंच है।
इस ख़िताब को पाने वाली रेणु ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में लंबे बालों को हमेशा से खूबसूरती और परंपरा का प्रतीक माना जाता है। और यही उनकी प्रेरणा बनी। रेणु ने साल 2015 के बाद से कभी अपने बाल नहीं कटवाए।
रेणु के बाल इतने लंबे हैं कि जब वह चलती हैं, तो उनके बाल जमीन को छूते हैं। इन बालों को समेटने के लिए वह इनकी एक भारी चोटी गूंथ लेती हैं। इन बालों को धोने और सुलझाने में उन्हें कई घंटे लग जाते हैं।
बतौर यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर रेणु अपने ब्यूटी सीक्रेट्स सबके सामने रखती हैं। वह केमिकल वाले बाजार के प्रोडक्ट्स से दूर रहती हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर घर के बने केमिकल-फ्री हेयर ऑयल और शैम्पू बनाने के तरीके भी वह अपने फॉलोअर्स के साथ साझा करती हैं।
इस सम्मान पर रेणु का मानना है कि अगर आप में लगन है, आप लगातार मेहनत करते हैं और अपनी नेचुरल ब्यूटी व संस्कृति से जुड़े रहते हैं, तो आप दुनिया का कोई भी बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं।