भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने सिंगापुर को 25-0 से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पाने के साथ एशिया कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत ने मलेशिया, कोरिया और सिंगापुर के खिलाफ जीत हासिल की, और पूल ए में बिना हारे रिकॉर्ड और 9 अंक के साथ टॉप पर रहा।
भारतीय टीम ने बीते दिन हुए मुकाबले में 10 अलग-अलग खिलाड़ियों के गोल की बदौलत यह जीत हासिल की। सर्वाधिक सात गोल नौशीन नाज ने (8′, 13′, 17′, 18′, 40′, 52′, 58′) किए। गीताश्री नम्मी ने पांच गोल (13′, 28′, 47′, 48′, 60′) किए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल (2′, 24′, 38′, 45′) किए।
आक्रामक खेल से मैच की शुरुआत करते हुए भारतीय टीम की कप्तान स्वीटी ने दूसरे मिनट में गोल किया। फिर नौशीन ने आठवें मिनट में बढ़त बढ़ाई। गीताश्री और नौशीन दोनों ने 13वें मिनट में गोल कर मैच को एकतरफा रुख में मोड़ दिया।
प्रियंका मिंज ने (22′, 37′, 53′) गोल के साथ हैट्रिक बनाई। दीया ने (27′), नैन्सी सरोहा ने (36′), श्रुति कुमारी (40′), पुष्पा मांझी (47′), रश्मीन कौर (47′), और संदीपा कुमारी (51′) ने 1-1 गोल किए।
भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा और नौशीन ने दो तेज गोल किए। इसके बाद प्रियंका और स्वीटी ने हाफटाइम से पहले भारत की बढ़त बढ़ाने में मदद की।
मैदान पर गोलों की बायचार जारी रही। ब्रेक के बाद भी दीया और गीताश्री ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही गोल किए, जिसमें नैन्सी, प्रियंका, स्वीटी, नौशीन और श्रुति सभी ने गोल किए। इस आक्रामक खेल के साथ भारत ने सिंगापुर की रक्षापंक्ति को तोड़ दिया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में दस गोल किए। अंडर-18 स्तर पर भारतीय टीम के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से यह एक है।
शतरंज 2026
भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे शतरंज 2026 के आठवें दौर में विश्व नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को एक बार फिर हराकर खिताब की दौड़ को रोमांचक बना दिया।
पिछले सप्ताह 20 वर्षीय प्रज्ञानानंद ने सफेद मोहरों से खेलते हुए कार्लसन को हराया था और अब आठवें दौर में काले मोहरों से भी उन्हें मात दे दी। इसके साथ ही वह भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के बाद एक ही टूर्नामेंट में कार्लसन को दो बार हराने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। साथ ही वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने क्लासिकल शतरंज में कार्लसन को तीन बार हराया है।