उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (ABPMJAY) को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने का प्रयास कर रही है। योगी सरकार ने इसके लिए 15 हजार करोड़ से अधिक अस्पतालों को भुगतान किया। तकनीकी समस्या के चलते अस्पतालों का भुगतान 14 मई से 22 मई तक बैंक में रुक गया था। अब 23 मई से पेमेंट दोबारा शुरू कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अमित घोष ने भी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों के भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। साथ ही उन्होंने तकनीकी प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाए जाने की बात कहि और यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस योजना के तहत आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराइ जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, योजना के शुरू होने के बाद अब तक 50 लाख से अधिक मरीजों ने 91 लाख से अधिक बार अस्पतालों में अपना इलाज कराया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि 14 मई को एनएचए यानी नेशनल हेल्थ अथॉरिटी और संबंधित बैंकों के बीच भुगतान फाइलों के आदान-प्रदान के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने से लगभग 633 करोड़ रुपये की राशि होल्ड पर चली गई थी। ऐसे में संबंधित अस्पतालों को क्लेम राशि अदा करने में विलम्ब हो रहा था।
हालाँकि अधिकांश क्लेम को राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा पहले ही स्वीकृति प्रदान किए जाने की भी बात कही गई है। इस समस्या के चलते अस्पतालों को समय से भुगतान नहीं मिल पाने पर निजी और सरकारी सूचीबद्ध अस्पतालों में स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
इस बीच 22 मई को बैंक स्तर पर आई तकनीकी समस्या का सफलतापूर्वक समाधान किए जाने के बाद 23 मई को अस्पतालों को 100 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया है।मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि अगले एक से दो दिनों में शेष लगभग 500 करोड़ रुपये का भुगतान भी संबंधित अस्पतालों को कर दिया जाएगा।