मौसम विभाग ने उत्तर भारत में भीषण गर्मी बीच कई राज्यों में अगले 5 दिनों के लिए गंभीर हीटवेव अलर्ट जारी किया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित मैदानी इलाके का तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। यहाँ दिन के साथ रात भी बेहद गर्म हो रही है।
समूचा उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। रत और दिन झुलसने वाले मौसम ने सभी को बेहाल कर रखा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई राज्यों के लिए गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। ये चेतावनी अगले 5 दिनों तक लिए जारी की गई है।
मौसम विभाग की माने तो 22 मई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। प्रदेश के लोगों को फ़िलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। इस बीच विभाग ने शनिवार को भी धूल भरी आंधी और भीषण गर्मी का दौर जारी रहने के संकेत दिए हैं।
विभाग के मुताबिक़, प्रदेश में 27 मई तक ऐसा ही मौसम रहेगा, जिसकी वजह से तापमान में और बढ़ोतरी होगी। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है।
पंजाब और हरियाणा राज्यों में भी लू का असर लगातार बढ़ रहा है। वहीँ रोहतक और भटिंडा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन मैदानी राज्यों में गर्म हवाओं का दबाव लगातार बना हुआ है।
आज के मौसम के हवाले से विभाग ने बांदा और चित्रकूट के अलावा फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मीरजापुर, जौनपुर, संत कबीर नगर और वाराणसी में आज भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज धूप के साथ धूल भरी आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है।
दिन के साथ इन इलाक़ों में रातें भी गर्म रहेंगी। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, कानपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाज़ीपुर और चंदौली में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट है।