मंगलवार सुबह देश की सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक वार फिर से इज़ाफ़ा किया है। पिछले पांच दिन में दूसरी बार दाम बढ़े हैं। इस बीच डीज़ल की कीमतों में 91 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
रेट बढ़ने के बाद लखनऊ में आज पेट्रोल की कीमत 99.03 रुपये प्रति लीटर हो गई है। बीते दिन के मुक़ाबले में आज पेट्रोल की कीमत में 0.73 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। गौरतलब है कि महज पांच दिनों में ईंधन की कीमतें 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई हैं। कीमतों का यह उछाल आम जनता के लिए एक बड़ा झटका है।
राजधानी दिल्ली में डीज़ल के दाम बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। दोनों ही ईंधनों की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था।
तेल विपणन कंपनियों ने ईंधन के दामों में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया है। जबकि इससे ठीक पहले 15 मई को कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई थी。सीएनजी की कीमतों में भी पिछले दिनों इजाफा किया गया था। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम एक रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ गए। दिल्ली में कीमत पहली बार 80 रुपये के पार गई। 15 मई को सीएनजी के दाम में 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।
अमरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के चलते होर्मुज स्ट्रेट पर सप्लाई प्रभावित होने से यह हालात बने हैं। इस समय भी होर्मुज पर जारी नाकेबंदी की वजह से अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती जा रही हैं, जो अब 110 डॉलर से 120 डॉलर प्रति बैरल के बीच पहुंच चुकी है।