जेम्स कैमरून की ‘अवतार- फायर एंड ऐश’ अब ओटीटी पर होगी रिलीज

फिल्ममेकर जेम्स कैमरून की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ (अवतार 3) का इंतजार कर रहे फैंस के लिए राहत की खबर सामने आई है। फिल्म सिनेमाघरों में अपनी कामयाबी के झंडे लहराने के बाद अब विजुअल मास्टरपीस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ 24 जून 2026 से डिज्नी प्लस हॉटस्टार (जियो हॉटस्टार) पर प्रसारित की जाएगी। वैसे तो थिएटर रिलीज के दो महीने बाद फ़िल्में ओटीटी पर आ जाती हैं, लेकिन ‘अवतार 3’ के मेकर्स ने दर्शकों को कुछ ज़्यादा ही इंतजार करा दिया है। ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ 19 दिसंबर 2025 को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई और अब मेकर्स इसे करीब 6 महीने बाद ऑनलाइन स्ट्रीम करने जा रहे हैं।

इस फिल्म की कहानी में ‘अवतार’ फ्रेंचाइजी के नायक जेक सुली और नेतिरी का परिवार केंद्र में है। कहानी में पेंडोरा के निवासियों का मुक़ाबला एक नए और बेहद खूंखार दुश्मन ‘ऐश पीपल’ यानी राख वाले लोगों के कबीले से होता है। इस फिल्म के विजुअल्स और इमोशनल बॉन्डिंग को दर्शकों ने सिनेमाघरों में खूब पसंद किया था।

इस फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेकशन की बात करें तो फिल्म ने नए कीर्तिमान रचे थे। हालाँकि फिल्म का बजट भारी-भरकम था मगर इसकी कमाई भी ज़ोरदार रही। फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 1.48 बिलियन डॉलर का कारोबार किया। इस भारतीय करेंसी में समझें तो यह राशि करीब 12,300 करोड़ रुपए होती है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने करीब 233 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *