प्रदेश में बारिश से जाती ठंड की वापसी

राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज बीते दिन से ही बदल गया था। रात और आज सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हुई। बारिश ने जाती हुई ठंड को बढ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है।

प्रदेश में बारिश से जाती ठंड की वापसी

मौसम विभाग के मुताबिक़,आज दिन में रुक-रुक बूंदाबांदी होती रहेगी। विभाग ने अन्य जिलों में भी बारिश के आसार जताए हैं। इस बारिश से ठंड में इज़ाफ़ा होगा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर सक्रिय होने का सीधा असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

लखनऊ के मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ में बारिश की फुहारों के साथ बीच-बीच में बिजली भी चमकेगी। शाम तक बादल घिरे रहेंगे। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश के आसार हैं। साथ ही ओले भी गिर सकते हैं।

मौसम के इस बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट नजर आएगी। अध‍िकतम 20 डिग्री और न्‍यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज में मध्यम से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया था। लखनऊ, बाराबंकी से अयोध्या तक सुबह के समय बूंदाबांदी हुई है।

अचानक होने वाले मौसम में इस बदलाव से फसलों को नुकसान के अलावा स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बारिश के 29 जनवरी तक रुक रुक कर होने का अनुमान है लेकिन कोहरा और शीतलहर अगले कुछ दिन तक जारी रह सकता है।

उत्तराखंड में मसूरी में एक बार फिर मौसम बदलने के बाद भारी बर्फ़बारी ने वहां ठंड बढ़ा दी है। देर रात हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से मसूरी की सड़कों और खुले इलाकों में सफेद चादर बिछ गई। इससे माहौल बदल गया है। बुधवार को बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *